पंचायत में फायरिंग का मामलाः पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी को लगी गोली...


आजमगढ़।
मेहनाजपुर में मंगलवार की सुबह ताबड़तोड़ फायरिंग कर एक युवक की हत्या व दो अन्य को घायल किए जाने की घटना के एक आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में गोली लगी है। कचहरी के पास से पुलिस ने उसे पकड़ा था और असलहा बरामदगी के लिए लेकर गई थी। इसी दौरान झाड़ी में छुपा कर रखे असलहे से पुलिस पर उसने फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी है। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दरअसल, मेहनाजपुर कस्बा के दक्षिण का पूरा में मंगलवार की सुबह आवास को लेकर पंचायत थी। इसी दौरान पूर्व व वर्तमान प्रधान पक्ष के बीच विवाद हो गया। पूर्व प्रधान पक्ष की तरफ से ताबड़तोड़ लाइसेंसी असलहे से फायरिंग कर दिया गया। जिसमें प्रधान पक्ष के हिमांशु सिंह की मौत हो गई तो वहीं प्रधान का सारा काम देखने वाले प्रदीप सिंह व मुन्ना सिंह घायल हो गए। घटना को अंजाम देने वाले अभियुक्तों में शामिल जितेंद्र यादव को पुलिस ने बुधवार की सुबह कचहरी के पास से गिरफ्तार कर लिया। 

इसके बाद पुलिस उसे लेकर असलहा बरामदगी के लिए मेहनाजपुर पहुंची। जहां एक झाड़ी से असलहा बरादगी कराने के दौरान जितेंद्र यादव ने पुलिस टीम पर पहले से छुपा कर रखे तमंचा से फायर कर भागने लगा। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग किया। जिसमें गोली जितेंद्र यादव के दाहिने पैर में लगी और पुलिस ने उसे पुनः पकड़ लिया। इसके बाद उसे सीएचसी मेहनाजपुर ले जाया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल भेज कर भर्ती कराया गया। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

Post a Comment

0 Comments