घर से कोचिंग के लिए निकली इंटर की छात्रा कालेज के पीछे बेहोशी की हालत में निर्वस्त्र मिली...


मिर्जापुर। घर से कोचिंग के लिए निकली इंटर की छात्रा एक कालेज के पीछे बेहोशी की हालत में निर्वस्त्र मिली है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रा को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। छात्रा से दुष्कर्म के बाद कालेज के पीछे फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

दरअसल, अदलहाट थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी इंटर प्रथम वर्ष की छात्रा शुक्रवार की शाम घर से कोचिंग पढ़ने गई। उसके बाद वापस घर नहीं लौटी। देर शाम 6 बजे तक वापस नहीं लौटने पर परिजन परेशान हो गए और तलाश में जुट गए। लेकिन छात्रा का कोई सुराग नहीं लग सका।

सुबह बाजार स्थित एक कालेज के पीछे छात्रा निर्वस्त्र बेहोशी की हालत में मिली। आसपास के लोगों ने छात्रा को देख तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से छात्रा को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। छात्रा के मिलने की जानकारी मिलने पर परिजन भी पहुंच गए। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

आशंका जताई जा रही है कि छात्रा से दुष्कर्म के बाद उसे कालेज के पीछे फेंक दिया गया। अदलहाट थानाध्यक्ष विजय कुमार चौरसिया के मुताबिक, छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उपचार के बाद छात्रा के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments