सगड़ी/आजमगढ़। जिले में बाढ़ के कारण कई गांव पूरी तरह से प्रभावित हैं. सगड़ी तहसील क्षेत्र के छोटी सरजू पर बना 5.7 किलोमीटर लंबा जोकहरा रिंग बांध सुबह 3 बजे टेकनपुरा गांव के पास कट गया. इससे टेकनपुरा और सहनूपुर गांव में पानी घुस गया. इसके साथ ही लगभग एक दर्जन गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है.
बांध कटने की सूचना मिलने पर एडीएम आजाद भगत सिंह, उपजिलाधिकारी सगड़ी राजीव रतन सिंह, एसपी ग्रामीण राहुल रूसिया मौके पर पहुंचे. वहीं जीयनपुर, रौनापार, महाराजगंज, बिलरियागंज समेत अन्य थानों की फोर्स, पीएसी और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच राहत कार्य मे जुट गई. ग्रामीणों और बाढ़ खंड द्वारा बोल्डर, बोरिया, मिटटी भरी बोरियां, बांस बल्ली, पेड़ काटकर बांध को बांधने का प्रयास किया जा रहा है. बांध कटने से सहसपुरा जोकहरा, जब्ती माफी, छपिया, पिपरही काँखभार, डाड़ी, सोहरभार समेत अन्य गांवों में बाढ़ की आशंका बढ़ गई है. जिससे लगभग 20 से 25 हज़ार की आबादी और सैकड़ों हेक्टेयर फसल प्रभावित होने का खतरा मंडरा रहा है.
पानी काफी तेज गति से प्रवाहित हो रहा है। जिससे बांध को बाधने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. दूसरी तरफ सहनुपुर रिंग बाध भी कई जगह से रिसाव होने लगा है. जिससे ग्रामीण काफी परेशान है इस बंधे की भी मरम्मत 281 लाख की लागत से कराया गया था. लेकिन विभागीय लापरवाही के कारण बांध की जो ऊंचाई थी उसे भी कम कर दिया गया था वहीं पुराने बांध की भी सही तरीके से मरम्मत नहीं कराई गई थी. जिससे रिसाव के साथ-साथ बांध बार-बार कट रहा है. 3 अगस्त 2020 को भी यह रिंग बांध इसी स्थान पर टेकनपुर गांव में कट गया था. बाढ़ खंड द्वारा 273 .51 लाख की लागत से 2020-21 में इसका मरम्मत कार्य कराया. लेकिन रविवार को दोबारा बांध कटने से लाखों रुपए घोटाला की बात उजागर हो गई.

0 Comments