सरेराह बेल्ट से पीटकर लूट ले गए 2.5 लाख...

लोगों ने दौड़ाया तो बाइक छोड़कर भागे बदमाश


वाराणसी। जिले में बुधवार की दोपहर सरेराह दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया गया है. वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन के ठीक सामने लहरतारा-चौकाघाट फ्लाईओवर पर एक युवक से ढाई लाख रुपये लूट लिये गए. लोगों के जुटने के कारण बदमाश अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गए. अति व्यस्त इलाके में लूट की सूचना से सनसनी फैल गई. पुलिस बाइक को कब्जे में लेकर पड़ताल में जुटी है.

पीड़ित जौनपुर निवासी सुशील कुमार सिंह ने बताया कि वह ढाई से तीन लाख रुपये लेकर लहरतारा की तरफ से चौकाघाट की ओर जा रहा था. चौकाघाट फ्लाईओवर से उतरते समय बाइक सवार दो युवकों ने उसे ओवरटेक कर रास्ता रोका. एक ने उतरते ही बेल्ट से ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया. इससे उसका सिर फट गया. जब तक वह कुछ समझता दूसरे युवक ने जेब में रखे रुपये छीन लिए.

इसी दौरान लोगों की भीड़ जुटने लगी. बदमाशों के हाथ जितने रुपये आए वो लेकर फरार हो गए. भीड़ के कारण बदमाश बाइक मौके पर छोड़कर पैदल ही भाग निकले. पीड़ित युवक की जेब में 20 से 25 हजार बचे. सूचना मिलते ही चेतगंज पुलिस मौके पर पहुंची. बदमाशों की बाइक कब्जे में लेते हुए पीड़ित युवक से पूछताछ में जुटी है.

Post a Comment

0 Comments