किशोरियों और युवतियों का सौदा करने वाले गिरोह का खुलासा, 2 महिला सहित पांच गिरफ्तार-ऐसे बनाते थे शिकार


वाराणसी। युवतियों व किशोरियों का अपहरण कर राजस्थान और पश्चिम यूपी में बेचने वाले गिरोह का कपसेठी पुलिस ने शनिवार को भंडाफोड़ किया. गैंग की दो महिला सदस्यों समेत पांच को प्रयागराज से गिरफ्तार किया गया. इन पर अपहरण, दुराचार व अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जेल भेज दिया. आरोपितों के पास से कपसेठी थाना क्षेत्र से अगवा की गई युवती भी बरामद की गई है.

दरअसल, कपसेठी थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती 27 अगस्त को घर से खरीदारी के लिए बरकी बाजार गई थी. वहां से वह लापता हो गई. युवती स्नातक की छात्रा है. परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर छानबीन शुरू की. सर्विलांस के जरिये छात्रा का आखिरी लोकेशन प्रयागराज के नैनी में मिला. पुलिस टीम नैनी के चक दाऊद नगर से सुमित्रा देवी को पकड़ा. पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो उसने बताया कि युवती को 70 हजार रुपये में बेच दिया गया है.

पूछताछ के आधार पर गिरोह में शामिल चक दाऊद नगर के बबलू पटेल को पकड़ा. दोनों को हिरासत में लेते हुए गिरोह में शामिल मथुरा के बदलदेव के किलौनी निवासी विक्रम सिंह, झरोटा की राजवती देवी, अलीगढ़ के इगलास निवासी राहुल कुमार को पकड़ा. तीनों युवती को राजस्थान के सीकर में बेंचने के लिए ले गए थे. पुलिस को बताया कि इनके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए भी दबिश दी जा रही है.

युवती ने अनुसार, वह बरकी बाजार निकली थी, तभी कार से उतरे लोगों ने उसे नशीला पदार्थ सुंघा दिया. उसके बाद उसे कार में बिठा कर भाग निकले. कछवांरोड चौराहे पर उसे होश आया तो फिर से नशीला पदार्थ सुंघा दिया गया. इसके बाद उसे जब होश आया तो वह प्रयागराज में थी. पुलिस की पूछताछ में पता चला कि गिरोह में ऐसे युवक भी हैं, जो प्रेम जाल में फंसाकर युवतियों व किशोरियों को बेच रहे हैं. इसमें कुछ युवक जिले के भी हैं.

Post a Comment

0 Comments