आजमगढ़:... इस प्राथमिक विद्यालय को मिला 'हरिहरपुर घराना' सम्मान, प्रधानाध्यापक भी हुए सम्मानित


आजमगढ़। शिक्षक दिवस के अवसर पर कम्पोजिट विद्यालय हरिहरपुर को उत्कृष्ट विद्यालय व प्रधानाध्यापक उत्कृष्ट शिक्षक का पुरस्कार मिलने पर हरिहरपुर के ग्रामीणों की उपस्थिति में बिलरियागंज के ब्लाक प्रमुख रमेश यादव ने हरिहरपुर घराना सम्मान से सम्मानित किया। इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख रमेश यादव ने कहा कि कम्पोजिट विद्यालय हरिहरपुर किसी बड़े कान्वेंट स्कूल से कम नही हैं। इस विद्यालय का कायाकल्प करने में निश्चित रूप इस विद्यालय के प्रधानाध्यापक का विशेष योगदान है। उनके प्रयासों से ही इस विद्यालय का नाम जिले में रोशन हुआ है।

प्रधानाध्यपक उपेन्द्र दत्त शुक्ला ने बताया कि वर्ष 2016 में जब प्रधानाध्यापक के पद पर नियुक्ति हुई तो उस समय विद्यालय में 102 बच्चे नामांकित थे परन्तु मात्र 10-12 बच्चे ही नियमित विद्यालय आते थे। विद्यालय के पास कुल 7 कमरे थे लेकिन दो ही कमरे सुचालित थे। विद्यालय के कमरों के खिड़की, दरवाजे सब उखड़ चुके थे तथा फर्श और कमरे में प्लास्टर न बराबर थे। विद्यालय में मध्याहन भोजन बंद था। तब मैंने धीरे-धीरे लगातार प्रयास करके शासन द्वारा निर्धारित 19 पैरामीटर के मानकों को पूर्ण किया। जिसका परिणाम है कि आज विद्यालय में कुल 7 कमरे पूरी तरह से टाइल्स से सुसज्जित और हर कमरों में इन्वर्टर से लाइट व पंखे चलते है।

उन्होंने बताया कि प्राप्त सरकारी अनुदान के अलावा निजी स्रोतों से करीब 4 लाख रूपए अपना खर्च किया है। इस विद्यालय को अपने घर के मंदिर की तरह सजाने संवारने की कोशिश किया है। ग्राम प्रधान झूरीराम ने कहा कि इस विद्यालय के कारण हमारे गांव के बच्चों को अच्छी शिक्षा के लिए किसी अन्य प्राइवेट विद्यालय की ओर नहीं जाना पड़ता है। आज एक बच्चे को प्राइवेट विद्यालय में पढ़ाने में लगभग 5 हजार रूपए मासिक खर्च आता है। इस अवसर पर अजय कुमार मिश्रा, राजेश मिश्रा, उदयराज, हृदय मिश्र, कमलेश, शीतल, मोहन, रामबचन आदि समेत सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments