चंदौली। जिले के रविनगर में किराये के मकान में रह रही एक महिला को गुजरात के सूरत जिले के अमरोली थाने की पुलिस ने गुरुवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया. महिला पर एक युवक को शादी का झांसा देकर 27 लाख ठगी करने का आरोप है. मध्य प्रदेश के सतना की रहने वाली दिव्या पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्थित रविनगर स्थित एक मकान में किराये पर रह रही थी. आरोप है कि महिला ने मेट्रोमोनियल साइट के माध्यम से गुजरात के सूरत अंतर्गत अमरोली थाना क्षेत्र के रहने वाले एक युवक को शादी का प्रस्ताव भेजा. इसके बाद दोनों के बीच बातें होने लगी.
आरोप है कि महिला ने युवक से रुपये की मांग करनी शुरू कर दी. महिला ने युवक से मकान व गहने खरीदने के नाम पर धीरे-धीरे करके लगभग 27 लाख रुपये ऐंठ लिए. इसके बाद उसने मेट्रोमोनियल साइट से अपनी प्रोफाइल डिलीट कर दी. युवक ने इसकी शिकायत अमरोली थाने में की. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी.
इस दौरान गुजरात पुलिस को महिला का लोकेशन मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के रविनगर में मिला. गुरुवार को गुजरात से एक महिला दरोगा व दो कांस्टेबल मुगलसराय कोतवाली पहुंचे. आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद दबिश देकर महिला को पकड़ लिया. मुगलसराय थाना प्रभारी बृजेशचंद्र तिवारी ने बताया कि ठगी के मामले में गुजरात पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है.

0 Comments