भदोही। जिले के गोपीगंज में पुलिस और 50 हजार के इनामी गैंगस्टर राजेश गोंड के बीच रविवार की रात मुठभेड़ हो गई है. मुठभेड़ में बदमाश को हाथ और पैर में गोली लगी. घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. बदमाश पर हत्या, लूट, छिनैती सहित 15 से अधिक मुकदमे हैं. पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल भी बरामद की है.
गोपीगंज थाना क्षेत्र के केदारपुर गांव निवासी राजेश गोंड पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था. वह गैंगस्टर एक्ट के मामले में फरार चल रहा था. आरोपी लूट, हत्या समेत कई मुकदमों में वांछित था. रविवार रात करीब 12 बजे गोपीगंज थाना क्षेत्र के बंजारी में पुलिस चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान बाइक पर सवार 50 हजार के इनामी को जब रोका गया तो वह फायरिंग करते हुए भागने लगा. बदमाश की गोली से पुलिस की गाड़ी का शीशा भी टूट गया.
जिसके बाद क्राइम ब्रांच और गोपीगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने फायरिंग की. इसमें गैंगस्टर राजेश के हाथ और पैर में गोली लग गई. उसे घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती ने बताया कि 15 से अधिक मामलों में वांछित गैंगस्टर के आरोपी बदमाश को मुठभेड़ के दौरान पकड़ लिया गया है. उस पर 50 हजार का इनाम घोषित था.

0 Comments