बेटे ने पिता और दो बहनों की धारदार हथियार से की हत्या... जांच में जुटी पुलिस


बागपत। जिले के बड़ौत नगर में रविवार की रात लगभग सवा दो बजे एक युवक ने अपनी दो बहनों और पिता को मौत के घाट उतार दिया. वारदात को अंजाम देकर आरोपित युवक घर से फरार हो गया. घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा. तिहरे हत्याकांड से क्षेत्र में सनसनी है.

पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है. तिहरे हत्याकांड की वारदात की सूचना रविवार की रात लगभग तीन बजे पट्टी चौधरान की कनिष्क विहार कालोनी की गली नंबर चार से पुलिस के पास आई, जिसके बाद इंस्पेक्टर आनन-फानन में मौके पर पहुंचे तो वहां दो बहनों और उनके पिता का लहूलुहान बृजपाल का शव पड़ा हुआ था. पुलिस ने आरोपित युवक की तलाश शुरू कर दी है. इंस्पेक्टर देवेश कुमार शर्मा ने बताया कि लगभग 60 वर्षीय बृजपाल, उनकी बेटी 24 वर्षीय ज्योति और 17 वर्षीय अनुराधा की हत्या हुई है. इस वारदात को अंजाम रात लवभग सवा दो बजे बृजपाल के बेटे अमर ने धारदार हथियार से दिया है.

मां शशीबाला ने घटना का विरोध किया तो उसे भी मारने का प्रयास किया. घटना के पीछे पारिवारिक कलह निकलकर सामने आ रही है. तीनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिए हैं. घटना की जांच शुरू कर दी है. शशीबाला से घटना की जानकारी ली जा रही है. मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है. आरोपित को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है. बृजपाल की पत्नी शशीबाला दो बेटियों और पति की हत्या हो जाने के बाद गहरे सदमे में है. वह पुलिस को भी कुछ ज्यादा बताने की हालत में नहीं है. उनके सामने ही बेटे में अपनी दो बहनों और पिता की बेरहमी से हत्या कर दी. इंस्पेक्टर ने बताया कि अभी घटना की तहरीर ली जा रही है.

Post a Comment

0 Comments