मुख्तार के बेटे विधायक अब्बास अंसारी की तलाश में पुलिस-दिल्ली से लेकर गाजीपुर तक दबिश


लखनऊ। माफिया मुख्तार अंसारी के विधायक बेटे अब्बास अंसारी की तलाश में महानगर पुलिस ने रविवार को दारुलशफा स्थित विधायक निवास में छापा मारा लेकिन वहां ताला लटका मिला. अब्बास की तलाश में पुलिस दिल्ली, गाजीपुर व मऊ में भी दबिश दे रही है. अब्बास के खिलाफ तीन साल पहले महानगर थाने में एक शस्त्र लाइसेंस पर कई असलहे खरीदने और फर्जीवाड़े का मुकदमा दर्ज है.

एमपी-एमएलए विशेष कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद से ही माफिया मुख्तार अंसारी के बेटे मऊ सदर से सुभासपा विधायक अब्बास अंसारी फरार है. इससे पहले लखनऊ की क्राइम ब्रांच टीम ने 25 जुलाई को लखनऊ, दिल्ली, मऊ और गाजीपुर में छापा मारा था. कोर्ट ने अब्बास को 27 जुलाई तक गिरफ्तार करने का आदेश दिया था. लगातार दबिश पड़ने के बाद अब्बास अंसारी के वकीलों ने कोर्ट में जमानत याचिका दायर की थी जिसे कोर्ट ने गुरूवार को खारिज कर दिया. रविवार को महानगर प्रभारी निरीक्षक केशव कुमार तिवारी अपनी टीम के साथ दारुलशफा स्थित आवास नंबर 107 पर दोपहर ढाई बजे पहुंचे तो वहां ताला लटका मिला.

इसके बाद पुलिस अब्बास के निजी आवास मेट्रो सिटी, डालीबाग में भी गई लेकिन वहां भी कोई सुराग नहीं मिला. मऊ के विधायक अब्बास अंसारी के खिलाफ 2019 में महानगर के तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने मुकदमा दर्ज कराया था. आरोप था कि अब्बास ने असलहे का लाइसेंस लिया था जिसका दुरुपयोग करते हुए एक ही लाइसेंस पर कई हथियार खरीद डाले. ये भी आरोप है कि 2012 में हासिल इस लाइसेंस को बिना एनओसी के ही दिल्ली ट्रांसफर करा लिया था. मऊ सदर से विधायक अब्बास अंसारी के खिलाफ लखनऊ में 2, मऊ में 4 और गाजीपुर में एक मुकदमा दर्ज है. चुनाव प्रचार के दौरान मऊ पुलिस ने अब्बास के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालना, धमकी, वर्ग विशेष के खिलाफ बयान और आपराधिक साजिश के आरोप में केस दर्ज किया था.

Post a Comment

0 Comments