आजमगढ़। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी वर्षा अग्रवाल के नेतृत्व में शहर के सीताराम मोहल्ले में स्थित मदरसा जामिया इमाम मेंहदी विद्यालय में मंगलवार को मदरसा एजूकेशनल ई-लनिंग ऐप के जानकारी हेतु एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें जिले के सभी मदरसों से शिक्षक व कर्मचारियों ने दो पालियों में प्रशिक्षण प्राप्त किया।
उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद लखनऊ से आए प्रशिक्षक सुभाष सिंह ने बताया कि आज दो पालियों में जिले के सभी मदरसा से एक शिक्षक करीब 400 शिक्षकों ने इस प्रशिक्षण में भाग लिया। पहली पाली सुबह दस बजे से 12 बजे व दूसरी पाली 2 बजे से 4 बजे तक चली। जिसमें शिक्षकों को मोबाइल से बच्चों को कैसे शिक्षा दी जाए इसकी जानकारी दी गई है।
उन्होंने बताया कि इस ऐप का उद्देश्य है कि बच्चों को पीडीएफ बुक, वीडियो क्लास व लाइव क्लास के माध्यम से शिक्षित करना है। अक्सर बच्चों को समय पर किताबें उपलब्ध नहीं हो पाती है। इस ऐप के माध्यम से किताबोें की समस्या भी दूर हो जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण में शामिल शिक्षक अपने विद्यालय के अन्य शिक्षकों को भी इस ऐप के बारे में जानकारी उपलब्ध कराएं।

0 Comments