लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आजादी के अमृत महोत्सव के तहत रक्षाबंधन के एक दिन पूर्व प्रदेशवासियों को डबल उपहार दिया है. उन्होंने परिवहन निगम की 150 नई बसों को हरी झंडी दिखाने से पहले आयोजित कार्यकम में कहा कि आज जैसे हम रक्षाबंधन पर 48 घंटे तक बहन-बेटियों के लिए फ्री में बस सेवा दे रहे हैं, वैसे ही बहुत शीघ्र 60 वर्ष से ऊपर की हर माता-बहन को प्रदेश में फ्री बस सेवा देंगे.
सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अपने सरकारी आवास पर आयोजित परिवहन निगम के कार्यक्रम के दौरान कहा कि मुझे बताते हुए प्रसन्नता है कि जब यह प्रस्ताव मेरे पास आया तो मैंने कहा कि रक्षाबंधन से अच्छा दिन क्या हो सकता है. हर जिले को दो-दो बसें दीजिए. आज मध्य रात्रि से हम बहन और बेटियों को 48 घंटे तक फ्री में बस सुविधा उपलब्ध कराने जा रहे हैं. तब तक हर जिले में दो-दो बसें पहुंच चुकी होंगी.
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में हमारे लिए सबसे बड़ी चुनौती सड़क दुर्घटना से होने वाली मौतें हैं. कोरोना जैसी महामारी ने, जिसने दुनिया को पस्त कर दिया, उस दौरान भी हमें मौतों को न्यूनतम रखने में सफलता मिली, लेकिन सड़क दुर्घटना के पीछे क्या कारण हैं, इसे हमने ढूंढने और उसके तह में जाने की आवश्यकता है. अगर हम इसमें सफल हो पाएंगे, तो निश्चित ही कहीं न कहीं इसे कंट्रोल करने में मदद मिलेगी.

0 Comments