रिटायर IPS के घर से लाखों के जेवर व नकदी बटोर ले गए चोर- जांच में जुटी पुलिस


लखनऊ।
राजधानी के गोमतीनगर में रिटायर आईपीएस विपिन कुमार शर्मा के घर का ताला तोड़ कर चोर सामान बटोर ले गए। पेड़ों में पानी डालने के लिए आई नौकरानी ने वारदात की सूचना विपिन को दी। उन्होंने गोमतीनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। विशालखण्ड-चार निवासी विपिन कुमार शर्मा रिटायर आईपीएस हैं। उनका बेटा अमेरिका में रहता है। विपिन पांच महीने के लिए बेटे के पास गए हुए हैं। अमेरिका जाने से पूर्व उन्होंने घर के सभी कमरों में ताला लगाया था। मेन गेट की चाभी रिंकू उर्फ नैना को दे गए थे। जिससे घर में साफ सफाई हो सके।

विपिन के मुताबिक नैना कुछ वक्त पहले गांव चली गई थी। इस बात की सूचना उसने फोन कर दी थी। वहीं, नैना की बेटी मालती मंगलवार को साफ-सफाई करने के लिए घर पहुंची थीं। जहां उसे ताले टूटे मिले। मालती ने फोन कर विपिन को घटना की जानकारी दी थी। इंस्पेक्टर गोमतीनगर दिनेश चन्द्र मिश्र के अनुसार विपिन शर्मा ने फोन कर सूचना दी है। जिसके आधार पर चोरी का मुकदमा लिखा गया है। इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्र के मुताबिक रिटायर आईपीएस विपिन शर्मा का परिवार अमेरिका में ही रहता है। पांच माह पूर्व विपिन भी चले गए थे।

उन्होंने बताया कि सूचना पर पुलिस टीम ने पड़ताल की है। बाथरूम में लगी टोटियां चोरी हुई हैं। बाकी के चोरी हुए सामान की जानकारी नहीं मिल सकी है। रिटायर आईपीएस ने भारत वापस आने के बाद चोरी हुए सामान की लिस्ट देने की बात कही है। विपिन कुमार शर्मा के घर में सीसी कैमरे लगे हैं। लेकिन पांच महीने से परिवार बाहर है। ऐसे में सीसी कैमरे भी बंद कर दिए गए थे। वारदात के बाद पहुंची पुलिस ने कैमरे देख कर फुटेज दिलाने के लिए कहा था। तब सीसी कैमरे बंद होने का पता चला। फिलहाल घटनास्थल के आस-पास के मकानों में लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगालने का प्रयास पुलिस कर रही है। इंस्पेक्टर के मुताबिक घटना किस दिन हुई है यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है।

Post a Comment

0 Comments