रात तक दस पेटी का कर लो इंतजाम... नहीं तो तुम्हारा भी सिद्धू मूसेवाला जैसा होगा हाल!


लखनऊ।
पंजाब में गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी लेने वाले गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने सरोजनीनगर के सर्राफ जितेंद्र कुमार को फोन कर 24 घंटे में दस लाख की फिरौती देने के लिए कहा है। ऐसा नहीं करने पर सर्राफ का हाल भी सिद्धू मूसेवाला की तरह किए जाने की धमकी दी गई है। फिरौती के लिए सर्राफ को फोन कर धमकाए जाने का मुकदमा सरोजनीनगर कोतवाली में दर्ज करते हुए उसे सुरक्षा मुहैया कराई है।

दरअसल, सरोजनीनगर निवासी जितेंद्र कुमार की स्कूटर इंडिया बिजनौर चौराहे के पास मां अन्नपूर्णा के नाम से दुकान है। पीड़ित के अनुसार मंगलवार को जीएसटी को लेकर व्यापार संघ की एक बैठक होनी थी। जिसमें शामिल होने के लिए वह तैयारी कर रहे थे। सुबह करीब 9.12 बजे उनके मोबाइल पर व्हाटसएप कॉल आई थी। जितेंद्र के अनुसार कॉल उठाते ही दूसरी तरफ से अभद्र भाषा में बात की जाने लगी थी। वह फोन काटने ही वाले थे कि कॉल करने वाले ने अपनी पहचान गैंगेस्टर गोल्डी बराड़ के तौर पर दी। उसने जितेंद्र से कहा कि रात तक दस पेटी का इंतजाम कर लो।

वरना तुम्हारा हाल भी पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला जैसा कर देंगे। इसके बाद फोन कट गया था। फिरौती के लिए फोन आने की बात जितेंद्र ने सर्राफा संघ अध्यक्ष मनीष वर्मा को बताई थी। जिसके बाद वह लोग सरोजनीनगर कोतवाली पहुंचे थे। डीसीपी मध्य अपर्णा रजत कौशिक के अनुसार सर्राफ की तरफ से दी गई तहरीर पर फिरौती और धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि जितेंद्र की सुरक्षा में तीन सिपाहियों की ड्यूटी लगाई गई है। जो हर गतिविधि पर नजर रखेंगे। उनकी दुकान पर भी सिपाही रहेंगे। डीसीपी के मुताबिक शुरुआती पड़ताल में इंटरनेट कॉलिंग का इस्तेमाल कर धमकी देने की बात सामने आई है। इसकी जांच में क्राइम ब्रांच, साइबर सेल, सर्विलांस टीम को भी लगाया गया है।

Post a Comment

0 Comments