विधानसभा चुनाव में मैनपुरी की करहल सीट से जीते सपा मुखिया अखिलेश यादव ने आजमगढ़ से सांसदी छोड़ दी, जबकि रामपुर सदर से विधायक चुने गए मो. आजम खां ने रामपुर लोकसभा सीट छोड़ दी। इस कारण दोनों संसदीय सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। भाजपा ने रामपुर से घनश्याम लोधी तो आजमगढ़ से भोजपुरी स्टार दिनेश लाल निरहुआ को प्रत्याशी बनाया है। यादव-मुस्लिम वोट अधिक होने से यहां सपा तुलनात्मक रूप से मजबूत मानी जाती रही है। ऐसे में भाजपा ने भी यहां पूरा दमखम लगाने का मन बना लिया है।
गुरुवार को जारी हुई पार्टी के स्टार प्रचारकों की सूची ने इस उपचुनाव के रोमांच की जमीन तैयार कर दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा केंद्रीय मंत्रियों में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, डा. महेंद्र नाथ पांडेय, मुख्तार अब्बास नकवी, साध्वी निरंजन ज्योति, प्रो. एसपी सिंह बघेल, कौशल किशोर, पंकज चौधरी और बीएल वर्मा स्टार प्रचारक होंगे। प्रदेश सरकार के मंत्रियों में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, सूर्यप्रताप शाही, धर्मपाल सिंह, बेबीरानी मौर्य, एके शर्मा, नंदगोपाल गुप्ता नंदी, अनिल राजभर, जेपीएस राठौर, दयाशंकर सिंह, असीम अरुण, गिरीश यादव, जसवंत सिंह सैनी, बलदेव औलख और विजय लक्ष्मी गौतम को प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी है।
इसी प्रकार सांसदों में विनोद सोनकर, रवि किशन, सकलदीप राजभर, हरिनारायण राजभर, प्रवीण निषाद, रविंद्र कुशवाह और संगीता यादव प्रचार करेंगी। संगठन के वरिष्ठ नेता भी प्रचार अभियान में पसीना बहाएंगे। खुद प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह के अलावा सह-प्रभारी सुनील ओझा, संजीव चौरसिया, पूर्व उपमुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा, प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता, पश्चिम के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल, गोरखपुर क्षेत्र के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह भी इस सूची में हैं।

0 Comments