प्रयागराज। खान निरीक्षक के 55 पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन शनिवार से शुरू हो गए। ऑनलाइन परीक्षा शुल्क बैंक में जमा करने की अंतिम तिथि एक जुलाई और ऑनलाइन आवेदन स्वीकारने की अंतिम तिथि चार जुलाई है। लोक सेवा आयोग ने खान निरीक्षक परीक्षा-2022 के लिए अपनी वेबसाइट पर विज्ञापन जारी कर दिया है।
पहले खान निरीक्षक के पदों पर सीधी भर्ती होती थी, लेकिन इस बार प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा के आधार पर भर्ती होगी। इंटरव्यू नहीं होगा। प्रारंभिक परीक्षा में निगेटिव मार्किंग होगी। प्रत्येक गलत प्रश्न पर एक तिहाई अंक कटेंगे। प्रारंभिक परीक्षा में पदों की संख्या से 15 गुना अभ्यर्थियों से मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन लिए जाएंगे।
इस भर्ती के लिए वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) से मान्य संस्था से खनन अभियंत्रण में डिप्लोमा किया है। प्रारंभिक परीक्षा 300 अंकों की और दो घंटे की होगी। वस्तुनिष्ठ प्रकार की परीक्षा में दो-दो अंक के 150 प्रश्न होंगे। सामान्य अध्ययन एवं सामान्य हिंदी के 25-25, माइनिंग इंजी. के 100 सवाल रहेंगे। वहीं 200 अंकों के मेंस में माइनिंग इंजीनियरिंग के प्रश्न पूछे जाएंगे। तीन घंटे की परीक्षा में कुल आठ प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रश्नपत्र दो भागों में विभाजित होगा।

0 Comments