लखनऊ।
राजधानी के गोमतीनगर कोतवाली में एक महिला ने बेटी के साथ पढ़ाई करने वाले युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। युवक संभल का रहने वाला है। आरोप है कि युवक ने उनकी बेटी के कुछ वीडियो को एडिट कर उसे अश्लील बनाया और ब्लैक मेल कर पांच लाख रुपये की मांग की। दो लाख रुपये देने के बाद और रुपये देने में असमर्थता जताने पर आरोपित ने वीडियो पोर्न साइट पर बेच दिया। पीड़िता की मां ने बताया की युवक अनुभव शर्मा संभल का रहने वाला है।

आरोप है कि उसने बेटी की शादी तुड़वाने का भी प्रयास किया था। इंस्पेक्टर गोमतीनगर दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि युवती और अनुभव देहरादून में एक ही इंस्टीट्यूट में पढ़ते थे। पीड़िता की मां के मुताबिक दोनों में दोस्ती थी। बर्थडे पार्टी में ले जाने की बात कहकर युवक बेटी को एक होटल में ले गया था। वहां उसने बेटी के मोबाइल से उसके कुछ वीडियो ले लिए। उसके बाद उन्हें एडिट कर अश्लील किया। फिर बेटी को दिखाकर ब्लैकमेल करने लगा। उसने बेटी का एटीएम कार्ड भी ले लिया। खाते में बेटी के खर्च के लिए रुपये डालती थी वह भी अनुभव ब्लैकमेल कर निकाल लेता था।

बेटी 2019 में पढ़ाई पूरी करके लखनऊ आ गई। बेटी की शादी 2021 में तय हुई। जानकारी होने पर अनुभव लखनऊ आया। वीडियो वायरल करने की बात कहकर ब्लैकमेल करने लगा। पांच लाख की मांग की। दो लाख रुपये डर के कारण उसे दे भी दिए गए। तीन लाख रुपये देने में असमर्थता जताई तो अनुभव ने वीडियो पोर्न साइट पर बेच दिए। इंस्पेक्टर ने बताया कि अनुभव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।