आजमगढ़ः PM सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस - 3235 गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जाँच


आजमगढ़।
जिले के सभी सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर गुरूवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस मनाया गया।हर माह की नौ तारीख को आयोजित होने वाले इस दिवस पर गर्भवती को निःशुल्क प्रसव पूर्व जांच (एएनसी) की सुविधाएं प्रदान की जाती हैं। इसके साथ ही परिवार नियोजन के बारे में भी जागरूक किया जाता है। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आईएन तिवारी ने दी।

उन्होंने बताया कि पहली बार गर्भवती हुई महिलाओं की जाँच के साथ ही उन्हें प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ देने के लिए पंजीकरण भी किया जाता है। इस दिवस पर स्वास्थ्य केन्द्रों पर आने वाली गर्भवती की महिला चिकित्सकों द्वारा प्रसव पूर्व सभी जाँच, ब्लड टेस्ट, यूरिन जांच, ब्लड प्रेशर, मधुमेह, हीमोग्लोबिन जांच, अल्ट्रा साउंड की निःशुल्क सुविधा दी गई एवं परिवार नियोजन, खुशहाल परिवार के बारे में परामर्श भी दिया गया।

उन्होने बताया कि गुरूवार को जिले में 3235 महिलाओं की प्रसव पूर्व जाँच (एएनसी) हुई ,जिसमें से 135 महिलाओं को उच्च जोखिम गर्भावस्था (एचआरपी) की श्रेणी में चिन्हित किया गया। गर्भवती को खानपान पर ध्यान देने के बारे में जागरूक किया गया। उनको बताया गया कि खाने में हरी सब्जियां, दाल, दूध तथा ताजे फलों को जरूर शामिल करें।

राजकीय महिला चिकित्सालय पर पहुँची 26 वर्षीया रीता सिंह ने बताया कि वह पहली बार गर्भवती हैं। केंद्र पर जाँच हुई है, हमें टीका के लिए कब आना है, इस अवस्था में किन बातों का ध्यान रखना है के बारे में जानकारी दी गई। 32 वर्षीया रश्मि देवी ने कहा कि मेरी दो वर्षीय बेटी है मेरा सातवाँ महीना चल रहा है। जांच में पता चला कि खून की कमी है,आयरन की गोली दी गई। फल और हरी सब्जियाँ खाने की सलाह दी गई है।

Post a Comment

0 Comments