आजमगढ़ से दिनेश लाल यादव निरहुआ होंगे भाजपा उम्मीदवार- पिछली बार सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मिली थी हार


नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। उत्तर प्रदेश से घनश्याम लोधी और दिनेश लाल यादव, त्रिपुरा से सीएम माणिक साहा, दिल्ली से राजेश भाटिया और गंगोत्री कुजूर झारखंड से चुनाव लड़ेंगे।

भाजपा ने रामपुर सीट पर घनश्याम लोधी को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं आजमगढ़ लोकसभा सीट पर पार्टी ने भोजपुरी स्टार और पूर्व प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ को टिकट दिया है। आजमगढ़ से कमल निशान पर चुनाव लड़ चुके निरहुआ ने इस घोषणा से पहले ही वोट मांगना शुरू कर दिया था। निरहुआ ने शुक्रवार को ट्विटर पर पोस्टर जारी करते हुए कमल निशान पर वोट देने की अपील की थी।

उन्होंने लिखा, जाति धरम ना कवनो भरम ना कवनो मनबढ़ के लिए। कमल के बटन दबईह भैया अपने आजमगढ़ के लिए। इससे पहले 2019 के लोकसभा चुनाव में आजमगढ़ सीट से दिनेश लाल यादव को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हरा दिया था। वहीं, 2014 में भाजपा प्रत्याशी रमाकांत यादव इस सीट से सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव से चुनाव हार गए थे।

Post a Comment

0 Comments