अलीगढ़। बरेली में पुलिस भर्ती परीक्षा धोखाधड़ी मामले में चार आरोपितों के गिरफ्तार होने के बाद खलबली मच गई। इसी क्रम में दो और लोगों पर मुकदमे की तैयारी चल रही है। भर्ती बोर्ड की सूचना पर पुलिस को दो संदिग्धों के बारे में जानकारी मिली है। उधर, दूसरी ओर अलीगढ़ में तैनात सिपाही चंद किरन के गिरफ्तार होने के बाद वहां के एसएसपी ने उसे तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। मामले में विभागीय जांच शुरू हो गयी है।
पुलिस भर्ती में किसी गैंग के सक्रिय होने की आशंका का चलते बरेली पुलिस ने अपनी पड़ताल तेज की तो अन्य नाम भी सामने आने लगे। सोमवार देर रात को दो संदिग्धों की सूचना पुलिस को भर्ती बोर्ड से मिली है। दोनों की जांच पड़ताल की जा रही है। उन पर मुकदमा करने की भी तैयारी है। पुलिस का कहना है कि इस भर्ती में किसी गैंग के सक्रिय होने की आशंका है। इसलिए भर्ती बोर्ड की तरफ से मिलने वाली सभी सूचनाओं को बारीकी से जांचकर पड़ताल की जा रही है। इससे पहले रविवार को पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मुजफ्फरनगर, सहारनपुर के चार अभ्यर्थियों ने अनुचित साधनों से परीक्षा पास की और रविवार को शैक्षिक प्रमाण पत्रों के सत्यापन एवं शारीरिक दक्षता के लिए पुलिस लाइन पहुंचे थे। भर्ती बोर्ड की सूचना पर चारो आरोपितों फुरकान अली, चंद किरन, प्रवीन कुमार और मो. मोहसिन को गिरफ्तार कर लिया था। इसमें से आरोपी चंद किरन वर्तमान में 2019 बैच का सिपाही है। जो अलीगढ़ में तैनात था। यह परीक्षा पिछले वर्ष 12 नवंबर और दो दिसंबर को आनलाइन कराई गई थी।
.jpg)
0 Comments