मंडलीय अस्पताल में भर्ती गर्भवती महिला के साथ सफाईकर्मी ने किया दुष्कर्म-जांच में जुटी पुलिस



मिर्जापुर। जिले के मंडलीय अस्पताल के महिला वार्ड में भर्ती महिला के साथ सात मई को स्वीपर ने बाथरूम में दुष्कर्म किया। मंगलवार को मामले की जानकारी होने पर डीएम, एसपी, एडीएम, एएसपी सिटी, सीओ सदर व अस्पताल के अधिकारियों ने महिला का बयान दर्ज किया। आरोपी पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है। लालगंज थाना क्षेत्र की 22 वर्षीय महिला को पेट दर्द होने पर पति सात मई को उसे लेकर मंडलीय अस्पताल आया था। यहां उसे महिला वार्ड में भर्ती कर लिया गया। रात को वह बाथरूम गई तो वहां मौजूद सफाईकर्मी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

महिला के गर्भवती होने और रक्तस्राव होने के कारण आठ मई को उसे जिला महिला अस्पताल रेफर कर दिया गया लेकिन, वह मायके चली गई। वहां उसने मां को घटना की जानकारी दी। मां ने लोकलाज के कारण किसी से इस बारे में बताने से मना कर दिया। इसके बाद महिला ने पति को जानकारी दी। नौ मई को महिला की तबीयत बिगड़ने पर पति उसे लेकर जिला महिला अस्पताल आया। यहां जांच में पता चला कि गर्भ में भ्रूण नष्ट हो गया है। इसके बाद इलाज शुरू हुआ।

इस दौरान पति ने आरोपी स्वीपर को फोन कर दुष्कर्म के बारे में पूछा तो उसने कहा कि जो हो गया, उसका क्या कर सकते हैं। इसके बाद पति ने वायस रिकार्डिंग के साथ पुलिस को सूचना दी। इस पर शहर कोतवाली पुलिस महिला थाना प्रभारी के साथ पहुंची। फिर एडीएम शिव प्रताप शुक्ल, एएसपी सिटी संजय कुमार वर्मा, सीओ सदर शैलेंद्र त्रिपाठी ने महिला और उसके पति का बयान लिया। बाद में जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार और एसपी अजय कुमार सिंह ने महिला का बयान लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस आरोपी संविदा सफाईकर्मी साहिल के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर तलाश में जुट गई है। एएसपी सिटी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि महिला थानाध्यक्ष की उपस्थिति में पीड़ित महिला का बयान लिया गया है। जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी। जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम बना दी गई है, उसकी तलाश की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments