महिला आईपीएल टीम की डॉक्टर बनी ऋचा मोदी-चिकित्सकों एवं परिजनों में हर्ष का माहौल


गोरखपुर। महाराष्ट्र के पुणे में आगामी 23 मई से महिलाओं (वीमेन) का आईपीएल शुरू होगा। इसमें तीन टीमें शिरकत कर रही हैं। इन टीमों के खिलाड़ियों की सेहत की निगरानी करेंगी गोरखपुर की स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. ऋचा मोदी। बोर्ड ऑफ क्रिकेट कंट्रोल इन इंडिया (बीसीसीआई) ने डॉ. ऋचा मोदी को मेडिकल टीम की जिम्मेदारी सौंपी है। डॉ. ऋचा मोदी को बीसीसीआई द्वारा वूमेन आईपीएल के लिए टीम डाक्टर के रूप में नियुक्त किया गया है। डॉ ऋचा टूर्नामेंट में भाग ले रही टीमों के डाक्टर के रूप में सपोर्टिंग स्टाफ के साथ यह दायित्व निभाएंगी। बुधवार को वह पुणे के लिए रवाना हो गईं।

देश में आईपीएल-2022 चल रहा है। बीसीसीआई ने देश में महिला क्रिकेट को प्रोमोट करने के लिए एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है। इसके तहत पुणे में पुरुष आईपीएल की तरह बीसीसीआई महिला आईपीएल भी करा रही हैं। इसी सीजन में वीमेन आईपीएल टी-20 चौलेंज टूर्नामेंट खेला जाएगा। इसका शेड्यूल भी तय हो गया है। यह टूर्नामेंट 23 से 28 मई तक पुणे के एमसीए स्टेडियम में खेला जाएगा। इसी प्रतियोगिता में डॉ. ऋचा मोदी का मेडिकल सपोर्ट टीम में चयन हुआ है। इसमें चयनित होने वाली वह जिले की पहली महिला डॉक्टर हैं।

डॉ. ऋचा मोदी प्राकृतिक चिकित्सा के अंतरराष्ट्रीय केन्द्र आरोग्य मंदिर के संचालक डॉ. विमल मोदी और स्त्री व प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. स्मिता मोदी की पुत्रवधू हैं। उन्होंने वर्ष 2006 में चिकित्सा विज्ञान में स्नातक और वर्ष 2010 में स्त्री एवं प्रसूति रोग विषय से परास्नातक किया है। बीसीसीआई द्वारा टीम डॉक्टर के रूप में चयन पर जिले के चिकित्सकों एवं परिजनों ने हर्ष व्यक्त किया। पति डॉ. राहुल मोदी ने बताया कि यह पूर्वांचल के लिए एक गौरव का विषय है।

Post a Comment

0 Comments