चंदौली। जिले के सेमरा गांव में बुधवार देर रात बारात में डीजे की धुन पर नाचने के विवाद में वाराणसी के युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इस में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।
वाराणसी के बड़ी पियरी से बरात जलीलपुर चौकी अंतर्गत सेमरा गाँव में आई थी। पड़ोसी की बरात में शामिल होने के लिए बड़ी पियरी निवासी करन (18) पुत्र शीतल भी आया था। रात 11 बजे बारात लगने के दौरान कुछ लोगों से डीजे पर नाचने को लेकर विवाद हो गया। मामला मारपीट तक पहुंचा लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को अलग कर दिया और मामला शांत हो गया।
द्वार पूजा के बाद खाना खाने में बराती जुट गए। इसी बीच आठ से 10 की संख्या में युवक पहुंचे और करन को बुलाकर सुनसान स्थान पर ले गए और हमला कर दिया। शोर सुनकर बराती और घराती पक्ष के लोग पहुंचे लेकिन तब तक हमलावर भाग गए। गंभीर रूप से जख्मी करन को लेकर लोग रामनगर स्थित अस्पताल पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने करन को मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर इस संबंध में कोतवाली प्रभारी ब्रजेशचंद ने बताया की युवक की मौत हुई है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

0 Comments