आजमगढ़ः घर के बरामदे में सो रही गर्भवती महिला की गोली मारकर हत्या - कुछ दिन पहले भी हुआ था हमला


पंकज सिंह

आजमगढ़। जिले के अराजी अमानी गांव में बीती रात घर में घुसकर एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। महिला अपने पति के साथ बरामदे में सो रही थी। उसकी शादी छह माह पहले हुई थी और वह गर्भवती भी थी। दरअसल, अराजी अमानी गांव निवासी अंतिमा (30) पत्नी संत विजय रविवार रात अपने पति के साथ घर के बरामदे में सो रही थी। देर रात अज्ञात बदमाश उसके घर में दाखिल हुए और अंतिमा के सिर में गोली मार दी।

गोली की आवाज सुनते ही पास सो रहा पति संत विजय जब तक उठता तब तक बदमाश मौके से फरार होने में सफल रहे। गोली लगने से घायल अंतिमा को आननफानन अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों की सूचना पर महराजगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पति संत विजय ने कुछ लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी है। मृतका के पति संतविजय यादव के मुताबिक ग्राम प्रधान के परिवार से कुछ दिनों से रंजिश चल रही है।

इसके पहले भी दो बार उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसी रंजिश के कारण रविवार की रात पौने दो बजे चार लोग घर में घुस गए और चारपाई पर सो रही पत्नी अंतिमा को गोली मार दी। हमलावर मुझे मारने के इरादे से आए थे, लेकिन पत्नी को निशाना बना दिया। हत्या की साजिश में गांव की एक महिला का भी हाथ है और वही हमलावरों को घर की स्थिति की जानकारी दे रही थी। संत विजय ने महराजगंज थाने में गांव की एक महिला समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। प्रभारी निरीक्षक ब्रह्मदीन पांडेय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments