विधानसभा सत्र से पहले सभी सदस्यों और विधानसभा तथा सचिवालय के अधिकारियों का ओरिएंटेशन और प्रशिक्षण होगा। सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुरूवार को विधान सभा की गैलरी के सौंदर्यीकरण कार्यों तथा नेशनल ई-विधान एप्लीकेशन (नेवा) सेवा केंद्र के लोकार्पण के बाद विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के साथ हाईटेक विधानसभा का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सीएम ने अधिकारियों से ई-विधान सिस्टम की जानकारी प्राप्त की। ई- विधान लागू होने से अब सदन के सदस्य अपने पासवर्ड अथवा फिंगरप्रिंट के जरिये टैबलेट का संचालन कर सकेंगे। टैबलेट पर ही सदन की कार्यवाही का एजेंडा उपलब्ध होगा। इसके अलावा प्रश्नकाल के दौरान सदस्यों की तरफ से पूछे जाने वाले सवाल और सरकार की ओर दिये जाने जवाब भी टैबलेट पर आनलाइन प्रदर्शित होंगे।
विधानसभा सत्र से पहले सदन के सभी सदस्यों के अलावा विधानसभा सचिवालय व राज्य सरकार के विभिन्न अधिकारियों को शुक्रवार से ई-विधान का ओरिएंटेशन व प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण नेवा सेवा केंद्र में दिया जाएगा। नेवा सेवा केंद्र में आधुनिक कम्प्यूटरों के साथ प्रशिक्षण व संचार के लिए वीडियो कांफ्रेंसिंग की सुविधा भी होगी। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी, प्रमुख सचिव विधान सभा प्रदीप दुबे सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

0 Comments