शादी से 5 दिन पहले दुल्हन और उसका परिवार फरार-जाने क्या है प्रकरण



आगरा। जिले के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र का युवक बिचौलिए के माध्यम से रिश्ता तय करके फंस गया। शादी से पांच दिन पहले दुल्हन और उसका परिवार फरार हो गया। 80 हजार रुपये और 20 हजार का सामान ले गए। पीड़ित ने थाना में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। युवक अपनी कार कैब कंपनी में चलवाता है। एक परिचित ने उसका रिश्ता भेजा था। लड़की वाले घर आए। बताया कि वह खेरा राठौर के रहने वाले हैं। वर्तमान में सिकंदरा स्थित राधा नगर में किराये पर रहते हैं। दो मार्च को लड़की दिखाई। युवक को वो पसंद आ गई।

इस पर शादी की तारीख 16 अप्रैल तय हो गई। इसके लिए मैरिज होम बुक कराया। कार्ड भी छपकर बंट गए। एक दिन लगुन सगाई का कार्यक्रम हुआ। इसमें लड़की के कुछ घरवाले आए थे। उनसे बिचौलिए ने लड़की वालों के गरीब होने के बारे में कहकर 80 हजार रुपये भी दिलवा दिए, जिससे वो शादी कर सकें। दुल्हन को शादी के लिए कपड़े और लहंगा भी दिलवाया। लड़की वाले लगातार युवक के संपर्क में थे। वह शादी के विषय में बात करते थे। 11 अप्रैल को उन्होंने अपना मोबाइल बंद कर लिया।

इस बारे में बिचौलिए से बात करने के लिए फोन मिलाया। मगर, उसका भी फोन रिसीव नहीं हुआ। इस पर वो राधा नगर गए। मगर, बताए गए पते पर कोई नहीं मिला। उस नाम का कोई व्यक्ति नहीं रहता है। खेरा राठौर में भी जानकारी नहीं मिली। पीड़ित ने धोखाधड़ी का शक होने पर बृहस्पतिवार को थाना जगदीशपुरा में तहरीर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवींद्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। इसके बाद ही मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments