फोन पर खुद को बेटी बताकर किरायेदार से बात करती थी मकान मालकिन...और जब भेद खुला तो..



मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र में रहने वाली एक 50 वर्षीय महिला की शर्मनाक करतूत सामने आई है। अपने किरायेदार को फंसाने के लिए वह खुद को बेटी बताकर उससे फोन पर बात करती थी। महिला का भेद खुला तो उसने किरायेदार और उसके दोस्त के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का केस दर्ज करा दिया था। पुलिस विवेचना में मामला झूठा पाए जाने पर आरोपी महिला के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, छजलैट थानाक्षेत्र में रहने वाला एक युवक मझोला में एक महिला के मकान में किराये पर रहकर पढ़ाई कर रहा था। महिला के मकान में अन्य किरायेदार भी रहते हैं। जबकि महिला की लड़की चंडीगढ़ में रहकर पढ़ाई कर रही है। एक दिन मौका पाकर मकान मालकिन ने युवक के मोबाइल से अपने मोबाइल पर मिस्ड कॉल कर ली थी। इसके बाद महिला युवक ने बातचीत करने लगी थी।

लंबी बातचीत होने के बाद महिला ने युवक को बताया कि वह उसके मकान मालकिन की बेटी है। कुछ दिन बाद युवक को पता चला कि उससे बात करने वाली बेटी नहीं, बल्कि उसकी मां मकान मालकिन खुद है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि महिला ने युवक को धमकाया कि अगर वह इस मामले की कहीं शिकायत करेगा तो वह उसे दुष्कर्म के केस में फंसा देगी। 21 जून 2021 को महिला ने युवक और उसके एक दोस्त के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का केस दर्ज करा दिया था।

एएसपी सागर जैन ने बताया कि इस मामले की विवेचना मझोला थाने पर तैनात दरोगा ने की। विवेचना में आरोप झूठे पाए गए। तब इस मामले में एफआर लगा दी गई थी। इसके बाद महिला अपने अधिवक्ता की मदद से कोर्ट चली गई और केस की दोबारा विवेचना कराने की मांग की। कोर्ट के आदेश पर केस की दोबारा विवेचना की गई। तब एएसपी सागर जैन और महिला थाना प्रभारी शर्मिला शर्मा ने विवेचना की। विवेचना के दौरान महिला ने अपने दो अन्य किरायेदारों के शपथ पत्र पेश किए। जिन्हें घटना का गवाह दर्शाया गया।

विवेचना के दौरान दोनों किरायेदारों के बयान दर्ज किए गए। तब उन्होंने घटना की जानकारी होने से साफ इनकार कर दिया। साथ ही उन्होंने ये भी जानकारी दी कि उन्होंने कोई शपथ पत्र नहीं दिया है। किरायेदारों ने बताया कि महिला ने उनसे आधार कार्ड और फोटो मकान किराये पर देते समय लिए थे। हमारे आधार कार्ड और फोटो का गलत इस्तेमाल किया गया है। शपथ पत्र हस्ताक्षर भी फर्जी किए गए हैं। एएसपी ने बताया कि इस मामले में महिला के खिलाफ मझोला थाने में केस दर्ज किया गया है। शनिवार को महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Post a Comment

0 Comments