झगड़ा छुड़ाने गए युवक की फावड़े से काटकर हत्या-जाने क्या है प्रकरण


गोरखपुर। जिले के बांसगांव थाना क्षेत्र हरनही चौकी अंतर्गत हरिहरपुर केवटान टोला में बुधवार रात दो पक्षों में मारपीट हो रही थी। उसी दौरान झगड़ा छुड़ाने गए युवक के ऊपर फावड़ा से हमला कर दिया गया, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर गया। घरवालों ने इसकी सूचना डायल 112 हरनहीं चौकी पर दी। चौकी इंचार्ज अखिलेश तिवारी मय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां देर रात उसने दम तोड़ दिया।

मिली जानकारी के अनुसार मोनू पुत्र झकरी निषाद व धर्मराज निषाद पुत्र भीम निषाद हिमाचल प्रदेश में रह कर पेंट पॉलिश का काम करते थे। दोनों एक ही कमरे में रहते थे, किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया, जिसकी सूचना धर्मराज ने अपने भाई आकाश व पिता भीम को दी। सूचना पाते ही आकाश व उसके पिता भीम व पत्नी गुजराती फावड़ा व धारदार हथियार लेकर मोनू के घर पर हमला बोल दिया, जहां उसके भाई सोनू व उसके पिता झकरी को मारने पीटने लगे। शोर सुनकर ज्ञान निषाद (45) छुड़ाने गए तभी हमलावरों ने ज्ञान के ऊपर फावड़े से कई बार हमला कर दिया, जिससे उनका दाहिना पैर कट गया। सिर पर गंभीर चोटें आईं।

हमलावरों ने ज्ञान की पत्नी और उसके लड़के को भी धारदार हथियार से मारकर घायल कर दिया। पुलिस की सहायता से सदर अस्पताल भेजा गया, हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। खून का रिसाव अधिक हो जाने के कारण ज्ञान निषाद की मृत्यु हो गई। हरनहीं चौकी इंचार्ज अखिलेश तिवारी ने हमला करने वाले भीम निषाद व उनकी पत्नी गुजराती को गिरफ्तार कर लिया गया। लड़का आकाश अभी भी फरार है। गांव में पुलिस तैनात है।

Post a Comment

0 Comments