दर्शन-पूजन कर घर जा रही वृद्धा को पुलिस बन कर रोका...और फिर!



वाराणसी। शहर में इन दिनों पुलिस वाले बन लूट का सिलसिला चल पड़ा है। आज एक फिर से ऐसा ही मामला सामने आया है। पुलिस की तमाम सख्ती से बेखौफ तीन उचक्कों ने दर्शन-पूजन कर घर जा रही वृद्धा के आभूषण उतरवा लिए और फरार हो गए। खुद को पुलिसकर्मी बताकर उच्चकों ने वृद्धा को रोका था। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मिली जानकारी के अनुसार, टकटकपुर निवासी आशु दा टेक चंदानी की पत्नी गीता चंदानी (60) नवदुर्गा मंदिर से दर्शन-पूजन कर घर लौट रही थीं। अर्दली बाजार के विंध्यवासिनी कॉलोनी के समीप पहले से मौजूद तीन युवको ने उन्हें रोका। खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि इन दिनों शहर में लूट की घटनाएं बढ़ गईं है। इतने चोर-उचक्के घूम रहे हैं और आप सोने के जेवर पहन कर क्यों घूम रही हैं। इतना कहकर हाथ में पहने सोने के दो कंगन और अंगूठी उतरवाकर उन्हें कागज में लपेट कर दे दिया।

कुछ दूर आगे बढ़ने पर गीता चंदानी ने कागज में लपेट कर दिए गए अपने गहनों को देखा तो उनके होश उड़ गए। कागज में प्लास्टिक के कंगन रखे थे। वो वापस उस जगह पर पहुंचीं लेकिन तीनों युवक वहां से फरार थे। महिला के रोने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सीसीटीवी फुटेज से पुलिस उच्चकों की तलाश में जुटी है। आज नवरात्र का पहला दिन होने के कारण मंदिरों में जमकर भीड़ हो रही है लेकिन पुलिस का कहीं भी पता नहीं है।

Post a Comment

0 Comments