महराजगंज। शहर में सोमवार रात नगरपालिका अध्यक्ष कृष्णगोपाल जायसवाल के भांजे 30 वर्षीय गौरव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह चिउरहां मोहल्ले में स्थित बिरयानी की दुकान के बाहर खून से लथपथ मिला था। उसकी एक आंख बाहर की ओर निकली थी। जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शहर के शास्त्री नगर मोहल्ले के टेढ़वा कुटी निवासी गौरव पेशे से अधिवक्ता थे । बताया जा रहा है कि वह भाजपा के स्वच्छता मिशन के जिला संयोजक भी थे। सोमवार रात करीब दस बजे गौरव चिउरहा मोहल्ले में स्थित एक बिरयानी की दुकान के बाहर खून से लथपथ मिले। लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक वहां सन्नाटा पसर गया था।
बताया जाता है कि दुकान में रखी मेज पर कुछ बोतलें पड़ी थीं। दो बाइक भी थीं, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया। गौरव को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के आलाधिकारियों ने भी मौका मुआइना किया।
0 Comments