किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के बाद कपड़े से कसा गला-जाने क्या है प्रकरण



फर्रूखाबाद। जिले के कंपिल में खेत गई किशोरी से चार युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। किशोरी के शोर मचाने पर उसके कपड़े से गले में फंदा कस दिया। आरोपियों ने घटना का वीडियो भी बनाया और वायरल करने की धमकी देकर भाग गए। किशोरी की तहरीर पर पुलिस ने चारों युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और तलाश कर रही है। आरोपियों में एक गांव के शातिर अपराधी का पुत्र है।

कपड़े के फंदे से कसा गला

मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्र के एक गांव की 16 वर्षीय किशोरी शुक्रवार शाम को खेत की ओर गई। तभी सूरजपुर गांव के विपिन, सचिन, सौरभ और कल्याण भी खेत पहुंच गए। चारों युवक किशोरी को खेतों में खींच ले गए। आरोप है कि शोर मचाने पर युवकों ने किशोरी के ही कपड़े का फंदा उसके गले में कस दिया और जान से मारने की धमकी दी। इससे किशोरी डर गई और चारों युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

वीडियो वायरल करने की धमकी

युवकों ने घटना का वीडियो बना लिया। उन्होंने किसी से शिकायत करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी और भाग गए। किशोरी अपने घर पहुंची और मां को घटना की जानकारी दी। देर शाम किशोरी ने कंपिल थाने में चारों आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई।

आरोपियों की तलाश में पुलिस

पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी लेकिन हाथ नहीं लगे। थाने में किशोरी के बयान दर्ज किए गए। आरोपी विपिन के पिता ब्रजराम के खिलाफ चोरी व अपहरण के मामले अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। कायमगंज सीओ सोहराब आलम ने बताया कि किशोरी की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही विपिन, सचिन, सौरभ और कल्याण के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments