आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सोमवार को अचानक आजमगढ़ पहुंच कर सदर विधायक व पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव के घर पर नवनिर्वाचित विधायकों और पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने करीब आधे घंटे तक पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने पार्टी के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पहले की तरह इस बार झूठ न बोले भाजपा
मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि चुनाव में सपा व गठबंधन की सीटें बढ़ी हैं और वोट प्रतिशत भी बढ़ रहा है। आगामी समय में जो चुनाव होगा न केवल भाजपा की सीटें कम होगी बल्कि उनका वोट घटाने का काम जनता करेगी। कहा इस बार जब प्रदेश की जनता ने बहुमत दिया है तो इस बार भाजपा झूठ बोलकर जनता को निराश न करे। डीजल की कीमत लगातार बढ़ रही है। महंगाई का सवाल वैसा ही है।
माफियाओं को चुनाव जिताना चाहती भाजपा
उन्होंने कहा कि इस समय एमएलसी चुनाव बड़ी चुनौती है। इसमें प्रशासन से भी लड़ना है। कहा कि भाजपा यदि जातिवादी राजनीति करे तो वह सोशल इंजीनियरिंग हैं जबकि जब सपा करती है तो वह जातिवादी। भाजपा पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जहां पर माफियाओं को चुनाव जिताना है वहां पर भाजपा प्रत्याशी नहीं लड़ा रही है।
0 Comments