लखनऊ। प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भाजपा के वरिष्ठ नेता रमापति शास्त्री को अठारहवीं विधानसभा के अध्यक्ष का चुनाव होने तक प्रोटेम स्पीकर (अस्थाई अध्यक्ष) नियुक्त किया है। योगी सरकार में समाज कल्याण मंत्री रहे रमापति शास्त्री अठारहवीं विधानसभा के वरिष्ठतम सदस्यों में से एक हैं।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने नवनिर्वाचित विधायकों को सदन में शपथ दिलाने के लिए अठारहवीं विधानसभा के पांच अन्य वरिष्ठ सदस्यों- सुरेश खन्ना, जय प्रताप सिंह, फतेह बहादुर सिंह, रामपाल वर्मा और माता प्रसाद पांडेय को भी नामित किया है। कार्यवाहक अध्यक्ष और इन पांच सदस्यों को राज्यपाल 26 मार्च को सुबह 11 बजे राजभवन में शपथ दिलाएंगी। वहीं, नवनिर्वाचित विधायकों को 28 व 29 मार्च को शपथ दिलाई जाएगी। इसके बाद 30 मार्च को अध्यक्ष का निर्वाचन हो सकता है।
रमापति शास्त्री गोंडा की मनकापुर सीट से अठारहवीं विधानसभा के सदस्य चुने गए हैं। वह पहली बार वर्ष 1974 में छठवीं विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए थे। इस लिहाज से वह विधानसभा के वरिष्ठतम सदस्य हैं। वह सातवीं, दसवीं, ग्यारहवीं, बारहवीं, चौदहवीं और सत्रहवीं विधानसभा के भी सदस्य रह चुके हैं। वह कल्याण सिंह सरकार में समाज कल्याण और राजस्व मंत्री रहे। मायावती-कल्याण सिंह सरकार में उन्हें स्वास्थ्य मंत्री का ओहदा मिला।

0 Comments