बलियाः शिक्षक-प्रधानाध्यापिका सस्पेंड, मंच पर मारपीट का वीडियो हुआ था वायरल


बलिया। जिले के ब्लॉक संसाधन केंद्र चिलकहर पर 9 मार्च को आयोजित नारी चौपाल के दौरान मारपीट की घटना से संबंधित वायरल वीडियो प्रकरण में बीएसए शिवनारायण सिंह ने बड़ी कार्रवाई की है। बीएसए ने घटना से संबंधित शिक्षक और प्रधानाध्यापिका को निलंबित कर दिया है।



एक दूसरे के खिलाफ दर्ज कराया था मुकदमा

बीते नौ मार्च को ब्लॉक संसाधन केंद्र चिलकहर पर महिला सम्मान समारोह (नारी चौपाल) के दौरान किसी बात को लेकर प्रधानाध्यापिका रंजना पांडेय ने सहायक अध्यापक मानवेंद्र सिंह को भरे मंच पर थप्पड़ से मार दिया था। इसके अलावा जान से मारने की धमकी भी दी थी। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इस प्रकरण में बीएसए ने दो खंड शिक्षाधिकारियों को मामले की जांच सौपी थी। वहीं, दोनों पक्षों की तहरीर पर गड़वार पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत किया था। प्रधानाध्यापिका रंजना पांडेय की तहरीर पर सहायक अध्यापक मानवेंद्र सिंह, बलवंत सिंह, अरुण पांडे समेत एक अज्ञात पर मुकदमा पंजीकृत किया गया था। 

उधर मानवेंद्र सिंह सहायक अध्यापक की तहरीर पर प्रधानाध्यापिका रंजना पांडेय के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया था। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद प्राथमिक विद्यालय सवन राजभर बस्ती की प्रभारी प्रधानाध्यापक रंजना पांडेय एवं प्राथमिक विद्यालय डान्देपुर के सहायक अध्यापक मानवेन्द्र सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

Post a Comment

0 Comments