विवेक जायसवाल
अतरौलिया/आजमगढ़। जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के वैश्यपुर गांव में बीती रात मामूली घरेलू विवाद में पति हैवान बन गया। वह अपनी पत्नी तब तक पीटता रहा जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। वारदात को अंजाम देकर वह मौके फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाशी में जुटी है। घटना से गांव में सनसनी फैल गई है। इस संबंध में मृतका के पिता श्यामलाल ने थाने में तहरीर दी। इस सूचना पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, अतरौलिया थाना क्षेत्र के वैश्यपुर गांव निवासी राकेश शर्मा की अक्सर मामूली बात को लेकर पत्नी से तकरार होती थी। वह अपनी पत्नी को आए दिन मारता-पीटता था। गुरुवार रात भी किसी बात को लेकर पति और पत्नी के बीच फिर विवाद हो गया। राकेश को इतना गुस्सा आया कि उसने अपनी पत्नी रेखा (30) को लोहे की राड से पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान उसकी पत्नी उससे रहम की भीख मांगती रही लेकिन आरोपी पति का दिल नहीं पसीजा। उसके मासूम बच्चों ने पिता को रोकने की बहुत कोशिश कि लेकिन आरोपी पिता के सिर पर तो जैसे पत्नी को मौत के घाट उतारने का शैतान सवार हो चुका था।
वह तब तक रेखा को पीटता रहा जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। पुलिस के पहुंचने से पहले राकेश मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी अतरौलिया पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका दो बच्चों 8 वर्षीय पुत्र सितांश और 6 वर्ष की पुत्री शिक्षा की मां थी। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है।



0 Comments