सपा ने जारी की 39 प्रत्याशियों की दूसरी सूची
लखनऊ। 18वीं विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ने अपनी दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। इस सूची में 39 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं। समाजवादी पार्टी ने दुष्कर्म के आरोप में जेल में बंद गायत्री प्रजापति की पत्नी महाराजी प्रतापति को अमेठी से टिकट दिया है। गायत्री दुष्कर्म मामले में आजीवन कारावास की सजा भुगत रहा है।
कुंडा से गुलशन यादव होंगे प्रत्याशी
समाजवादी पार्टी ने मंगलवार को 39 और प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी। सपा ने अपने तीन विधायकों पर फिर भरोसा जताते हुए टिकट दे दिया है। अमेठी की गौरीगंज सीट से विधायक राकेश प्रताप सिंह व प्रयागराज की करछना सीट से उज्ज्वल रमण सिंह को टिकट दिया गया है। बहराइच की मटेरा सीट से विधायक यासर शाह को इस बार बहराइच सीट से टिकट दिया गया है। कुंडा से तीन चुनाव (वर्ष 2007, 2012 व 2017) बाद सपा ने फिर रघुराज प्रताप सिंह राजा भइया के खिलाफ उम्मीदवार दिया है। सपा ने यहां से गुलशन यादव को टिकट दिया है।
अयोध्या से पूर्व मंत्री पवन पांडेय पर भरोसा
वही भाजपा छोड़कर आईं बहराइच की नानपारा सीट से विधायक माधुरी वर्मा को सपा ने टिकट दिया है। गोण्डा से विनोद कुमार उर्फ पंडित सिंह के भतीजे सूरज सिंह को टिकट दिया गया है। प्रतापगढ़ की रानीगंज सीट से शिवाकांत ओझा 2017 में चुनाव हार गए थे, अब उनके बजाय विनोद दुबे को प्रत्याशी बनाया गया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अयोध्या सीट से पूर्व मंत्री पवन पाण्डेय पर फिर भरोसा जताया है। मिल्कीपुर सीट से अवधेश प्रसाद को फिर टिकट दिया गया है। सुलतानपुर की लम्भुआ से पूर्व विधायक संतोष पाण्डेय, सदर से अरुण वर्मा व सुलतानपुर सीट से अनूप साण्डा को फिर सपा ने टिकट दिया है।
0 Comments