लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा जनता के बीच साख खो चुकी है। उसके साथ कोई नहीं है, वह अलग-थलग पड़ गई है। इसलिए भाजपा निम्नस्तर पर उतर आई है। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने की बात हर गली में चर्चा में है। सपा सुप्रीमो ने कहा कि उत्तर प्रदेश को भाजपा राज के पांच वर्षों में सबसे बुरे दिन देखने पड़े हैं। महंगाई और भ्रष्टाचार ने समाज में खाईं पैदा कर दी है। डीजल-पेट्रोल के दाम बढ़ने से खाद्य पदार्थों के भाव बढ़ गए हैं। परिवहन महंगा हो गया है। महंगी बिजली ने लोगों की कमर तोड़कर रख दी है। केन्द्र-राज्य में भाजपा की सरकारों के बावजूद उत्तर प्रदेश का बिजली का कोटा नहीं बढ़ा। भाजपा राज में एक यूनिट बिजली का उत्पादन नहीं हुआ। चुनाव आयोग ने चुनाव की तिथियां घोषित कर दी हैं। इन विधानसभा चुनावों में लोकतंत्र की भी परीक्षा होनी है। भाजपा ने जनता को बार-बार धोखा दिया है। अपने संकल्प पत्र में लिखे वादों को भी उसने पूरा नहीं किया है। न किसान की आय दोगुनी हुई न उसकी फसल को एमएसपी मिली। नौजवानों को नौकरियों का वायदा किया गया। उनको भी अंधेरी गुफा में ढकेल दिया गया है। प्रदेश की जनता सपा की तरफ आशा भरी नजरों से देख रही है।
0 Comments