योगी सरकार ने यूपी से खत्म किया माफियाराजः मोदी

मातृशक्ति महाकुंभ में प्रधानमंत्री ने कहा बेटियों की शादी की उम्र 21 करने से लोगों को हो रहा दर्द



प्रयागराज। जिलेे में आयोजित मातृशक्ति महाकुंभ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योगी सरकार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार बेटियों के भविष्य को सशक्त करने का कार्य कर रही है। पांच साल पहले यूपी की सड़कों पर माफियाराज था। सरकार में भी गुंडों की हनक थी। महिलाओं और लड़कियों का सड़क पर निकलना मुश्किल था। स्कूल कॉलेज जाना मुश्किल था। थाने गईं तो बलात्कारी की पैरवी के लिए किसी का फोन आ जाता था। लेकिन योगी सरकार ने गुंडों को सही जगह पहुंचाया है। इस नई यूपी को वापस अंधेरे में कोई नहीं धकेल सकता। प्रयागराज की पुण्य भूमि से हमारा यूपी आग बढ़ेगा और ऊंचाइयां छुएगा। इस नई यूपी से कइयों को दिक्कत हो रही है। यह दिक्कत क्यों हो रही है, यह समझ से परे है।

उन्होंने कहा कि दुष्कर्म जैसे संगीन मामले को सुनवाई के लिए यूपी में 700 फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाए गए हैं। तीन तलाक कानून हमारी सरकार लाई। डबल इंजन की सरकार बेटियों के भविष्य को सशक्त करने का कार्य कर रही है। बेटियों के लिए शादी की उम्र पहले 18 साल थी। बेटियां चाहती थीं कि उन्हें आगे बढ़ने का और अवसर मिले। हमारी कैबिनेट ने महिलाओं की शादी 18 साल से बढ़ाकर 21 वर्ष करने का फैसला लिया है, लेकिन इस फैसले से कुछ लोग परेशान हैं। भाषण के शुरुआत में पीएम ने साहित्य जगत की महान विभूति आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी। साथ ही प्रयागराज की बोल-चाल की भाषा में लोगों का अभिवादन भी किया।

Post a Comment

0 Comments