शादी समारोहः पांच साल की मासूम को अगवा कर दुष्कर्म के बाद हत्या




आगरा। जनपद के मलपुरा थाना क्षेत्र में शादी समारोह से पांच साल की मासूम बालिका को अगवा कर दरिंदे ने दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी। लाश को गांव के पास सरसों के खेत में फेंक कर भाग गया। गुरुवार की सुबह मासूम के दिखाई न देने पर स्वजन ने उसकी तलाश शुरू की। मिढ़ाकुर चौकी पर पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी। करीब दो घंटे चले सर्च आपरेशन के बाद पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बालिका के शव को खेत में पड़ा पाया। घटना से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बच्ची से दुष्कर्म और हत्या की जानकारी पर अधिकारी मौके पर पहुुंच गए। दरिंदे का सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, मलपुरा थाना क्षेत्र में बुधवार की रात को गांव में एक परिवार में शादी का कार्यक्रम था। इसमें गांव के ही दंपती अपनी पांच साल की बेटी के साथ शामिल होने आए थे। बालिका रात करीब 12 बजे तक डीजे पर दिखाई दी। जिसके बाद वह नहीं दिखी तो स्वजन को लगा कि किसी रिश्तेदार या परिचित के पास जाकर सो गई होगी। इसलिए वह भी शादी कार्यक्रम में व्यस्त हो गए। गुरुवार सुबह भी जब बेटी दिखाई नहीं दी तो स्वजन को चिंता हुई। उन्होंने बेटी की खोजबीन शुरू कर दी। मगर, वह समारोह में कहीं नहीं मिली। अनहोनी की आशंका पर स्वजन ने मिढ़ाकुर पुलिस चौकी पहुंचकर बालिका के गायब होने की जानकारी दी। 

पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचने के कार्यक्रम स्थल के आसपास ग्रामीणों की मदद से सर्च आपरेशन चलाया। करीब दो घंटे प्रयास के बाद पुलिस को कार्यक्रम स्थल से 200 मीटर दूर सरसों के एक खेत में बालिका का शव पड़ा मिला। बालिका के शरीर पर कपड़े नहीं थे। उसकी दुष्कर्म के बाद हत्या की गई थी। बालिका से दुष्कर्म और हत्या की जानकारी होने पर एसएसपी सुधीर कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एसएसपी ने बताया घटना का जल्दी ही पर्दाफाश कर दिया जाएगा। आरोपित का सुराग लगा उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments