सपा नेताओं के दीवारों से निकल रही लक्ष्मी और बबुआ जेब में बोतल लेकर कर रहे नौटंकीः योगी



लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पुराणों में, ग्रंथों में हम सबने सुना था दीवाली पर लक्ष्मी आती हैं, लेकिन इस पार्टी ने तो लक्ष्मी को दीवारों में कैद कर रखा है। कन्नौज में इत्र कारोबारी के घर से बरामद हुए करोड़ों के कैश का सपा से कनेक्शन जोड़ते हुए सीएम ने कहा कि सपा नेताओं की दीवारों से लक्ष्मी निकल रही है। समाजवादी पार्टी के बबुआ जेब में बोतल रखकर फिर रहे हैं। वह नौटंकी कर रहे हैं। बोले कि, पहले रामभक्तों पर गोलियां चलतीं थी, अब अयोध्या में राममंदिर का भव्य निर्माण हो रहा है। सीएम योगी सोमवार को लहरपुर विधानसभा क्षेत्र के अकबरपुर स्थित सूर्य कुंड मंदिर पर जन विश्वास यात्रा की जनसभा में बोल रहे थे। सीएम ने 116 करोड़ की 83 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करते हुए पिछले साढ़े चार साल केंद्र की मोदी और यूपी सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि पिछले साढ़े चार सालों में डबल इंजन की सरकार ने विकास के जिन कार्यों को बढ़ाया है, उनकी उपलब्धियों को लेकर जनता जर्नादन का आशीर्वाद लेने के लिए जनप्रतिनिधि आ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जो पैसा आज लहरपुर के कामेश्वर धाम, नैमिषारण्य के विकास के लिए खर्च हो रहा है, वही पैसा पांच साल पूर्व कब्रिस्तान की बाउंड्री के नाम पर चला जाता था। कहा कि केंद्रीय मंत्री अभी बता रहे थे कि सपा की सरकार में जिले में पांच साल में 18 हजार आवास ही मिले थे, जबकि भाजपा ने साढ़े चार साल के कार्यकाल में सीतापुर को दो लाख से अधिक परिवारों को आवास, सात लाख से अधिक परिवारों को एक-एक शौचालय दिया है। ये है डबल इंजन की सरकार। ये आवास पहले गरीबों को ढूढ़ंने से नहीं मिल पाता था। उन्होंने कहा कि भाईयों बहनों समझ में आ गया होगा कि बुआ-बबुआ नोटबंदी का विरोध क्यों कर रहे थे, क्योंकि प्रदेश को लूटकर इन लोगों ने नोटों को दीवारों में कैद करके रखा है। बोले कि मोदी जी अगर इन नोटों को चलन से दूर कर देंगे तो यह लोग अपने हाथ में कटोरा लेकर घूमते रहेंगे।

Post a Comment

0 Comments