आजमगढ़। रंग-बिरंगी रोशनी में नहाए गिरजाघरों में सांझ ढलने के साथ ही उल्लास छा गया। मसीही विश्वासियों की निगाहें घड़ी की सुइयों पर जमी हुई थीं। झूमती है जिंदगी, झूमती कली-कली, आज आया है मसीह..., चरनी में चमका चमकीला सितारा...। बधाई गीतों के बीच पुरोहितों ने प्रभु यीशु के जन्म की पूजा शुरू की। बाल यीशु की मूर्ति का अभिषेक किया। 12 बजते ही गिरजाघरों के घंटे-घड़ियाल बजने लगे। खुशियां छा गईं। क्रिसमस को लेकर होली ट्रिनिटी चर्च सहित सभी चर्चों की सजावट गई है। शहर के सभी चर्च में मध्य रात्रि में व सुबह प्रार्थना का आयोजन होगा।
प्रभु यीशु के जन्म की खुशी में शहर के मॉल में भी क्रिसमस की सजावट देखने को मिल रही है। क्रिसमस की रौनक से पूरा शहर चमक रहा है। शहर के कुछ प्रमुख मॉल को क्रिसमस के लिए खूबसूरती से सजाया गया है। ये सजावट लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। सभी लोग यहां आकर सेल्फी ले रहे है। इन सजावट को देखने के लिए मॉल में लोगों की भीड़ काफी संख्या में देखने को मिल रही है। एक प्रकार से ये मॉल लोगो के लिए सेल्फी जोन बन गया है। शहर के सभी प्रमुख मॉल दर्शनस्थल बने हुए हैं। वहीं नगर के मुख्य चौक पर सेंटा क्लाज आदि के कपड़ों और झाकियां सजाने में प्रयुक्त होने वाले सामानों की दुकानों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। हर कोई अपनी पसंद के सामानों की खरीदारी में जुटा हुआ था। एससी लाल प्रभारी पुरोहित होली ट्रिनिटी चर्च ने बताया कि सुबह 11 बजे प्रार्थना सभा का आयोजन होगा। इसके बाद लोग एक दूसरे को बधाई देंगे। फिर अन्य कार्यक्रम आयाजित होंगे।
0 Comments