मऊ। जिले में बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के खिलाफ एक बार फिर योगी सरकार का बुलडोजर गरजा है। यहां जिला प्रशासन ने मंगलवार को मुख्तार अंसारी गैंग के गुर्गे महेन्द्र सिंह की ओर से भीटी में सार्वजनिक नाले पर 20 वर्ग मीटर में किए गए अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया। यह कार्रवाई सिटी मजिस्ट्रेट एवं क्षेत्राधिकारी की देखरेख में की गई। अर्थदण्ड भी वसूला गया।
जिलाधिकारी ने सख्ती के साथ चेताया कि किसी भी व्यक्ति की ओर से सार्वजनिक भूमि पर अवैध अतिक्रमण को किसी भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे को चिन्हित करते हुए सख्त कार्रवाई की जाए। नगर मजिस्ट्रेट त्रिभुवन कुमार एवं क्षेत्राधिकारी धनंजय मिश्रा पुलिस फोर्स के साथ नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत भीटी मुहल्ले में पहुंचे। यहां पर मुख्तार अंसारी गैंग के गुर्गे महेंद्र सिंह पुत्र राज नारायण सिंह का भीटी में गाटा संख्या 985 रकबा 20 वर्ग मीटर अनुमानित लागत 10 लाख के अवैध निर्माण को बुल्डोजर लगाकर ध्वस्त किया गया। नगर मजिस्ट्रेट त्रिभुवन कुमार ने बताया कि तहसीलदार सदर ने बेदखली का आदेश पहले से दे दिया था। आदेश के बाद ही अवैध निर्माण को हटाया गया। साथ ही साथ अर्थदण्ड के रूप में 1000 रुपए वसूला गया।

0 Comments