जौनपुर में पीएम को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला गिरफ्तार




जौनपुर। पुलिस ने जिले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बम से उड़ाने और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार मोबाइल फोन से पुलिस कंट्रोल रूम पर आरोपित ने धमकी भरी सूचना दी थी। धमकी मिलने के बाद हरकत में आई पुलिस ने गांव को चारों तरफ से घेर कर गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, जनपद के सुरेरी थाना क्षेत्र के भदखिन गांव निवासी लक्ष्मी कांत दुबे 50 वर्ष पुत्र पारसनाथ दुबे पुलिस कंट्रोल रूम पर मोबाइल फोन से सूचना दिया कि वाराणसी जिले के फूलपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बम से उड़ा कर उनकी हत्या कर दी जाएगी। इस दौरान युवक ने यह भी बताया कि यह घटना अनीश अंसारी व अब्दुल अंसारी के द्वारा की जाएगी। कंट्रोल रूम में सूचना लगते ही पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस मोबाइल नंबर को ट्रेस करने और फोन करने वाले युवक के सुराग में जुट गई। 

गुरुवार की शाम भदखिन गांव धीरे धीरे पुलिस छावनी में तब्दील हो गया और गांव से आरोपित युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार करने के बाद ग्रामीण व क्षेत्रीय लोगों को यह सूचना हुई कि आरोपित द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। विदित हो कि कुछ महीनों पूर्व रामपुर कठवतिया मार्ग न बनने पर भी सुरेरी थाना परिसर को भी उड़ाने की धमकी इसी युवक द्वारा दी गई थी और धमकी भरा पत्र मुख्य द्वार पर चस्पा भी किया गया था। वहीं पुलिस ने घटना के कुछ दिनों बाद ही युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस संदर्भ में थानाध्यक्ष सुरेरी राज नारायण चौरसिया ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी। सूचना के बाद आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Post a Comment

0 Comments