बारिश और तेज ठंडी हवाओं से यूपी हुई कूल-कूल...जाने कौन है सबसे ठंडा जिला



लखनऊ। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में मंगलवार से हो रही बारिश के कारण ठंड बढ़ गई है। लखनऊ, कानपुर, हरदोई, उन्नाव, कौशांबी, इलाहाबाद, झांसी, आजमगढ़, गोरखपुर, बस्ती समेत कई जिलों में सुबह से ही बादल छाए रहे और दोपहर होने तक बारिश शुरू हो गई। इससे गलन बढ़ गई और तापमान चार से पांच डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिर गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दो दिनों तक बारिश से मौसम खराब रहेगा। वहीं शीतलहर की वजह से ठिठुरन भी रहेगी। साथ ही सूर्यदेव का दर्शन होना भी मुश्किल होगा। हालांकि, बारिश से प्रदूषण में कमी आने से मौसम साफ नजर आ सकता है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को प्रदेश में सबसे कम तापमान बांदा में 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सबसे अधिक तापमान वाराणसी में 23.8 डिग्री और बलिया में 23.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लखनऊ का न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। एक्यूआइ 249 दर्ज किया गया है। बुधवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों में भी हल्की बारिश और ठंडी हवा चल रही है। बारिश के कारण दिन के तापमान में कमी आई है, लेकिन रात का तापमान सामान्य होने से रात में ठंड से राहत रहेगी। मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि गुरुवार को प्रदेश में बादलों की आवाजाही के बाद मौसम साफ होने की प्रबल संभावना है।

Post a Comment

0 Comments