यूपी के इस थाने में भिड़े अधिवक्ताओं का दो गुट, दोनों तरफ से लूट का आरोप



प्रयागराज। जिले के कर्नलगंज थाने के भीतर शुक्रवार शाम अधिवक्ताओं के दो गुट आपस में भिड़ गए। नोकझोंक होने के साथ ही दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। मौजूद पुलिसकर्मी जब बीच बचाव में असफल हो गए तो कई थानों की पुलिस और अफसर पहुंच गए। किसी तरह मामला शांत कराया गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और लूट का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। सीओ कर्नलगंज अजीत सिंह चौहान ने बताया कि मामला शांत करा दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

मिली जानकारी के अनुसार, कर्नलगंज थाने में बड़ी संख्या में अधिवक्ता पहुंच गए। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कहने लगे। थोड़ी देर में दोनों पक्षों के बीच विवाद होने लगा। बातचीत बढ़ी और फिर मारपीट शुरू हो गई। कुछ देर में एसपी सिटी दिनेश सिंह, सीओ कर्नलगंज अजीत सिंह चौहान समेत शिवकुटी, जार्जटाउन, कैंट, सिविल लाइंस आदि थाने की पुलिस पहुंच गई। अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। एक पक्ष के विजय द्विवेदी ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि महंत नरेंद्र गिरि की मौत के मामले में नैनी जेल में बंद आनंद गिरि के प्रकरण में अधिवक्ता होने के कारण चार्जशीट की नकल निकलवाने के लिए सीजेएम कोर्ट जा रहे थे। साथ में शिवम मिश्रा और प्रवीन भी थे। उसी समय रास्ते में अधिवक्ता सुशील पांडेय चार लोगों के साथ मिले और धमकी दी कि आनंद गिरि की पैरवी बंद कर दो, अन्यथा हत्या करवा दूंगा। विरोध करने पर मारपीट करते हुए कागजात फाड़ दिए गए। हीरे की अंगूठी लूट ली गई। इसकी रिपोर्ट दर्ज कराने कर्नलगंज थाने आए तो यहां भी मारपीट की गई। वहीं, अधिवक्ता सुशील पांडेय ने तहरीर देते हुए बताया कि कचहरी में उनके साथ अधिवक्ता विजय द्विवेदी ने मारपीट की। जान से मारने की धमकी देते हुए उनके साथ भी लूट की घटना को अंजाम दिया गया है। 

Post a Comment

0 Comments