यूपी में दलितों, महिलाओं और किसानों पर बढ़ी अत्याचारः प्रियंका गांधी

फाफामऊ के गोहरी गांव में पहुंच कर पीड़ित परिजनों से मिली कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव




प्रयागराज। फाफामऊ के गोहरी गांव में चार लोगों की हत्या के बाद पीड़ित परिजनों से मिलने पहुंचीं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने पीड़ित परिवार के साथ करीब 40 मिनट तक बातचीत की। इसके बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत में उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन की लापरवाही से यह घटना हुई है। दबंगों द्वारा लगातार इनका उत्पीड़न किया जा रहा था और पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही थी। पुलिस अगर सख्ती दिखाती तो यह हादसा नहीं होता। उन्होंने कहा कि जब पीड़ित परिवार पुलिस के पास जाते थे उनको भगा दिया जाता था। उनका मजाक उड़ाया जाता था। पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं लेती थी। परिजनों को परेशान किया जाता था। दबंगों के द्वारा मारा पीटा जाता था।

उन्होंने कहा कि यह बहुत दर्दनाक घटना है। इस परिस्थिति में कांग्रेस कैसे चुप रह सकती है। उन्होंने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया कि वह अकेले नहीं हैं। कांग्रेस के लोग उऩके साथ खड़े हैं। उनको न्याय दिलाकर ही हम दम लेंगे। कहा कि आज संविधान दिवस है। संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। इस तरह के हादसे नहीं होने चाहिए। यदि हो रही है तो कार्रवाई होनी चाहिए। दलितों पर अत्याचार हो रहा है। संविधान दिवस मनाने का क्या मतलब है। पूरे प्रदेश में दलितों के साथ न्याय नहीं हो रहा है। महिलाओं के साथ न्याय नहीं हो रहा है। अल्पसंख्यकों के लिए न्याय नहीं है। संविधान को नष्ट किया जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments