राजेन्द्र त्रिपाठी
गोरखपुर। विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आता जा रहा है वैसे ही जिले का सियासी पारा गुलाबी ठंड में भी चढ़ता जा रहा है. जहां राजनीतिक दलों की जनता के बीच गतिविधियां तेज हो गई है तो वही टिकट के दावेदारों के बीच रस्साकसी भी बढ़ने लगी है. सत्तारूढ़ दल भाजपा में विशेष सरगर्मी है. जिले के एक विधानसभा क्षेत्र को छोड़कर बाकी सभी आठ विधानसभा में टिकट के लिए प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से अपनी दावेदारी मजबूत करनी शुरू कर दी है.
दावेदार टिकट को लेकर न केवल पार्टी में अपना समीकरण बैठाने मे जुटे हैं वहीं पोस्टर-बैनर और इंटरनेट मीडिया के जरिए क्षेत्र में भी अपना माहौल बनाने में जुट गए हैं. कुछ ने तो जनता की बीच भी अपनी सक्रियता तेज कर दी है. जिसमें वर्तमान विधायक से लेकर जिला पंचायत सदस्य और पार्टी पदाधिकारी भी शामिल हैं. पार्टी सूत्रों और क्षेत्र के माहौल के मुताबिक हर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के वर्तमान विधायक को लेकर चार से छह प्रत्याशी अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं. वह पार्टी के क्षेत्रीय नेतृत्व से लेकर राष्ट्रीय नेतृत्व तक गणेश परिक्रमा भी शुरू कर दी है.
अगर विधान सभावार टिकट के दावेदारों बात करें. नगर विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान विधायक के अलावा अब तक तीन और नेताओं की दावेदारी खुल कर सामने आ रही है. इनमें एक आरएसएस के पूर्व पदाधिकारी और एक भाजपा के वर्तमान पदाधिकारी शामिल हैं. ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में भी दावेदार के तौर पर विधायक के अलावा तीन और दावेदारों के नाम सामने आए हैं. इनमें एक महंत और एक सांसद प्रतिनिधि का नाम विशेष चर्चा में है. सहजनवां व चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र में इसे लेकर विशेष सरगर्मी है. सहजनवां में वर्तमान विधायक के अलावा एक दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री, हाल में भाजपा में शामिल हुए एक पूर्व विधायक और भाजपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने टिकट के लिए जोर लगा रखा है. यहां से कुल सात दावेदार सक्रिय हैं.
चिल्लूपार में टिकट पाने को लेकर कड़ा संघर्ष चल रहा है. इसमें एक पूर्व मंत्री, महिला मोर्चा की पदाधिकारी, शिक्षा जगत से जुड़े पार्टी वरिष्ठ कार्यकर्ता और एक जिला पंचायत सदस्य दावेदारी कर मैदान में सक्रिय हैं. चौरीचौरा विधानसभा में पार्टी भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने अपना पूरा जोर लगा दिया है. पूर्व ब्लाक प्रमुख और वर्तमान विधायक की भी तगड़ी दावेदारी है. पिपराइच में विधायक के अलावा दो अन्य दावेदारों की सक्रियता चर्चा का विषय है. इनमें एक प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री और दूसरे एक पूर्व जिला पंचायत सदस्य शामिल हैं. खजनी सुरक्षित सीट पर आधा दर्जन से अधिक लोग टिकट के लिए सक्रिय हैं, जिनमें आधा से अधिक बेलदार बिरादरी के हैं. इसकी वजह क्षेत्र में इनका लगभग 65 हजार वोट हैं. दावेदारों में वर्तमान विधायक भी हैं, बेलदार ही हैं. बांसगांव सुरक्षित सीट पर वर्तमान विधायक के अलाव फिलहाल हिंदू युवा वाहिनी से जुड़े एक जिला पंचायत सदस्य का नाम सीधे तौर पर सामने आ रहा है. कैम्पियरगंज में वर्तमान विधायक के अलावा दो अन्य लोग टिकट के लिए दावेदारी करने की तैयारी में हैं. इस संबंध में क्षेत्रीय अध्यक्ष डा. धर्मेद्र सिंह का कहना है कि कुछ एक को छोड़कर लगभग हर विधानसभा क्षेत्र से एक से अधिक दावेदारों के नाम सामने आ रहे हैं लेकिन प्रत्याशी सुनिश्चित करने के लिए पार्टी अपने स्तर पर आंतरिक सर्वे कराती है. किसकी दावेदारी धरातल पर कितनी मजबूत है, यह तय होने के बाद ही टिकट का निर्धारण किया जाता रहा है.

0 Comments