सपा मुखिया अखिलेश से मिले आप सांसद संजय सिंह

सपा-आप के गठबंधन पर बोले सकारात्मक हुई चर्चा



लखनऊ। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने बुधवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से लखनऊ में मुलाकात की। मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि हमने यूपी को भाजपा के कुशासन से मुक्ति दिलाने पर चर्चा की। सपा-आप के गठबंधन पर उन्होंने कहा कि सकारात्मक चर्चा हुई है। इसके पहले मंगलवार को संजय सिंह सपा नेता रामगोपाल यादव की पुस्तक विमोचन के अवसर पर भी कार्यक्रम में मौजूद थे जिसमें सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव मौजूद थे। कयास लगाए जा रहे हैं कि सपा यूपी में आम आदमी पार्टी को कुछ सीटें दे सकती है। हालांकि, इस पर अभी कोई निर्णय नहीं हुआ है।
सपा का राष्ट्रीय लोक दल के गठबंधन लगभग तय हो गया है। अखिलेश यादव और रालोद प्रमुख चौधरी जयंत सिंह की मंगलवार को घंटों बात हुई। हालांकि दोनों ने सीटों के बंटवारे पर पत्ते तो नहीं खोले पर चर्चा यह है कि 36 सीटों पर मंथन हुआ है। इनमें तीस रालोद के हिस्से में आ रही हैं जबकि छह सीटों पर रालोद और सपा के कार्यकर्ता सिंबल बदलकर चुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि कुछ सीटों पर अभी पेंच फंसने की बात भी कही जा रही है। उप्र विधानसभा चुनाव 2022 में सपा और रालोद का गठबंधन तो हो चुका है पर सीटों के बंटवारे को लेकर महीनों से मशक्कत चल रही है। पश्चिमी उप्र में रालोद अपना तगड़ा दावा पेश कर रहा है। उधर, सपा मुखिया पश्चिमी उप्र में एक तरफा सारी सीटें रालोद को देने केमूड में नहीं हैं। मसलन मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर, मेरठ, बुलंदशहर, बिजनौर, मथुरा आदि जिलों में सपा अपने भी ज्यादा से ज्यादा उम्मीदवार लड़ाना चाह रही है।

Post a Comment

0 Comments