सपा के गढ़ में एक साथ कई तीर साधेेंगे स्वतंत्र देव सिंह




भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दुर्वासा धाम में ताम्र व चांदी आच्छादित शिव मंदिर के गर्भगृह का करेंगे लोकार्पण

Mj vivek   
आजमगढ़। आगामी विधान सभा चुनाव के घोषणा में अभी देरी है लेकिन राजनैतिक दलों के नेताओं ने जिले में ताबड़तोड़ दौरा व जनसभा कर जिले को चुनावी मोड में बदल दिया है। पिछली बार भाजपा लहर के बाद भी यहां दस विधान सभा के सीटों में सिर्फ एक पर ही कमल खिला पाई थी। लेकिन इस बार उनके नेताओं का दावा है कि दसों सीटों पर भगवा लहराएंगे। इसी दावे को मजबूत करने के लिए पिछले दिनों आजमबांध में राज्य विश्वविद्यालय के शिलान्यास कार्यक्रम में भाजपा ने अप्रत्याशित भीड़ जुटाई थी। जो चर्चा का विषय भी बना था।
जिले में विकास की बात की जाए तो निश्चित रूप से सपा का पलड़ा भारी था लेकिन योगी सरकार ने पूर्वाचल एक्सप्रेस वे व राज्य विश्वविद्यालय का शिलान्यास कर इस खाई को पाटने का पूरजोर प्रयास किया है। इसी क्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की जनसभा निजामाबाद विधानसभा के दुर्वासाधाम में रखी गई है जहां जनसंघ के समय जीत मिली थी। इसके बाद इस क्षेत्र पर सपा-बसपा का ही कब्जा रहा है। निजामाबाद सीट को जीतने के लिए भाजपा किस पर दांव लगाती है यह तो भविष्य के गर्भ में है। लेकिन प्रदेश अध्यक्ष की जनसभा में एक लाख भीड़ जुटाकर भाजपा यहां अपना दावा मजबूत करना चाहेगी। विधान सभा निजामाबाद से 1996 से चार बार और दो बार से लगातार सपा के आलमबदी विधायक है उन्होंने दुर्वासा धाम के मेनगेट से अंदर तक इंटरलाकिंग व रेन बसेरा का निर्माण कराया था। वहीं भाजपा सरकार ने दुर्वासा धाम के शिव मंदिर के गर्भगृह को चांदी के पत्रों से आच्दाछित किया है और तमसा तट पर महिलाओं के वस्त्र बदलने के लिए स्नानाघर का निर्माण प्रस्तावित है। जिसका लोकार्पण व शिलान्यास 30 नवंबर को करीब 12 बजे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह करेंगे। कार्यक्रम के संयोजक डा. पीयूष सिंह यादव ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह लखनऊ से सड़क मार्ग द्वारा पूर्वाचल एक्सप्रेस वे से होते हुए करीब 12 बजे दुर्वासा धाम पहुंचेंगे यहां दुर्वासा धाम के शिव मंदिर के ताम्र व चांदी पत्रों से आच्छादित गर्भगृह का लोकार्पण व तमसा तट पर प्रस्तावित महिला स्नानगार का शिलान्यास करेंगे। उसके बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे जिसकी तैयारी पूरी कर ली गई है।

Post a Comment

0 Comments