आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार का पुलिस को चकमा देकर आजमगढ़ में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर फूल बरसाते हुए साइकिल यात्रा निकाली और फीता काटकर एक्सप्रेस-वे का सांकेतिक लोकार्पण का दावा किया. इस मामले में पुलिस ने 28 सपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण तय था. उससे पहले आजमगढ़ में सपाइयों ने एक्सप्रेस-वे पर फूल बरसाते हुए साइकिल यात्रा निकाली. इस दौरान पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव और विधायक नफीस अहमद ने श्रीनगर सियरहां गांव, पूर्व ब्लॉक प्रमुख संदीप ने असोना गांव के पास और सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव व पूर्व जिलाध्यक्ष अखिलेश यादव ने सठियांव में फीता काटा. इसके अलावा लालजीत यादव ने किशुनदासपुर में फीता काटकर कहा कि उन्होंने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे लोकार्पण कर दिया. सपाजनों ने कहा कि इस पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने किया था. सपा के कार्यों को भाजपा अपना बता रही है. उनके नाम भी बदल रही है. पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का भी नाम बदला गया है. पहले इसका नाम समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे था.
इधर, इस मामले में पुलिस ने पूर्व ब्लाक प्रमुख संदीप और कई अन्य को हिरासत में ले लिया. एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि जिले में 28 सपा नेताओं की गिरफ्तारी हुई है, जिसमें पवई थाने में पांच, तहबरपुर में 13, कंधरापुर में दो व मुबारकपुर में आठ सपा कार्यकर्ता गिरफ्तार किए गए. उनको देर शाम निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया. सठियांव के पूर्व ब्लाक प्रमुख संदीप उर्फ गुड्डू को भी गिरप्तार किया गया था. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर सपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मंगलवार को पुलिस की रोक-टोक के बाद भी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर पहुंच गए और एक्सप्रेस-वे पर पुष्प वर्षा कर उसे जनता को समर्पित किया. सपाजनों ने एक्सप्रेस-वे को समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे बताया.

0 Comments